बिजली चोरों में मचा हड़कंप

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली खपत के साथ विद्युत चोरी के मामलों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विद्युत वितरण केंद्र डिंडोरी नगर द्वारा व्यापक स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया गया। विभाग की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।अभियान के तहत कनिष्ठ अभियंता अनिल ठाकुर के नेतृत्व में लाइनमैन गोपाल के तेकाम एवं तकनीकी अमले की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों साकेत नगर, मिशन स्कूल, सिविल लाइन, बस स्टैंड, सुभाष नगर तथा पुराना डिंडोरी, वार्ड नंबर 6 सहित अन्य वार्डो में घर-घर एवं कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध कनेक्शन, डायरेक्ट लाइन से बिजली उपयोग तथा मीटर से छेड़छाड़ जैसी अनियमितताएं सामने आईं।जांच के दौरान टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 14 प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में विभाग द्वारा करीब 1.26 लाख रुपये की राजस्व हानि का आंकलन किया गया है। संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
लगातार जारी रहेगा अभियान

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि विद्युत चोरी न केवल शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इससे ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है। उपभोक्ताओं से की अपीलविभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें। यदि कहीं बिजली चोरी की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना विभाग को दें।इस कार्रवाई को विभाग की सख्ती और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में बिजली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा आगे भी जांच की प्रक्रिया सतत जारी रखी जावेगी और जिन लोगों के यहां गड़बड़ी पाई गई है उन पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूली के साथ साथ उन पर आगे भी विभाग नज़र बनाए रखेगा।


