
भीषण गर्मी में त्रस्त जनता, चैन की नींद सो रहा अमला
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिला मुख्यालय और उससे लगे इलाकों में पिछले एक महीने से लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की इस आंख-मिचौली और लो-वोल्टेज ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। स्थिति यह है कि पंखे और कूलर सिर्फ शो-पीस बनकर रह गए हैं। जनता बूंद-बूंद पानी और ठंडी हवा के लिए तरस रही है, लेकिन विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या से पूरी तरह बेखबर होकर चैन की नींद सो रहा है।
शो-पीस बने कूलर और पंखे
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से वोल्टेज इतना कम आ रहा है कि घर के बिजली उपकरण काम ही नहीं कर रहे हैं। वोल्टेज कम होने के कारण पंखे रेंग रहे हैं और कूलर की मोटर पानी तक नहीं उठा पा रही है।लो-वोल्टेज की वजह से घरों में लगी पानी की मोटर और टुल्लू पंप नहीं चल पा रहे हैं। जिससे लोगों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
रात की नींद उड़ी, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान
इस समय पारा आसमान छू रहा है। दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म और उमस भरी हो रही हैं। ऐसे में रात भर बिजली की ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण लोगों की रात की नींद हराम हो चुकी है। सबसे ज्यादा बुरा हाल छोटे बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों का है, जो इस उमस भरी गर्मी को झेलने के लिए मजबूर हैं। स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी इस बदहाल बिजली व्यवस्था के कारण पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
दुकानदारों को भारी नुकसान
इलेक्ट्रॉनिक्स, वेल्डिंग और कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानों में रखा कीमती सामान और खाने-पीने की चीजें गर्मी के कारण खराब हो रही हैं।
विभाग की चुप्पी से पनप रहा जन-आक्रोश
हैरानी की बात यह है कि महीने भर से चल रही इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को भी है। स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायते दर्ज कराई जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुधार काम नजर नहीं आ रहा है। विभाग के इस अड़ियल और उदासीन रवैये को लेकर अब जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है।
जांच अभियान में लगे विद्युत कंपनी के अमले को समस्या दिखाई नहीं दे रही
उल्लेखनीय है कि इस दिनों बिजली कंपनी शहर में सघन अभियान चलाकर बिजली चोरी पकड़ने घर घर दबिश दे रही है। पर विभाग के इन तकनीकी अधिकारियों को अपने गिरेबान में झाक लेना चाहिए, की ऊंची दर पर बिजली बेचने वाली कम्पनी आमलोगों के साथ धोखा कर रही है। लो वोल्टेज से न सिर्फ लोग परेशान है बल्कि कूलर, फ्रीज, एसी जैसे उपकरण बड़ी संख्या में खराब हो रहे है तो वही कई घरो में पानी की मोटरे जल गई है। बिजली विभाग की निष्क्रियता का खामियाजा आखिर जनता क्यों भुगते? इस मामले में जिला प्रशासन को तत्काल विद्युत वितरण कंपनी को निर्देश देना चाहिए ताकि कंपनी मनमानी पर रोक लगे और आमजन को राहत मिल सके।अब देखना यह होगा कि कुंभकर्णी नींद में सोया विद्युत विभाग इस भीषण गर्मी में तड़पती जनता को राहत देने के लिए जागता है, या फिर डिंडोरी की जनता को इस पूरे सीजन इसी तरह अंधेरगर्दी का सामना करना पड़ेगा।

