चांडा में वन विभाग की कार्यशाला आयोजित

अग्नि मित्र एवं हाथी दल मित्रों को पानी बोतल और बैग देकर किया प्रोत्साहित

वन मंडलाधिकारी की मौजदूगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम

बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, जिले के वन ग्राम चांडा में मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा वन्य प्राणी प्रबंधन समिति एवं हाथी दल मित्रों के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जंगल एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ने समिति के सदस्यों एवं हाथी दल मित्रों को बैग एवं पानी की बोतल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र से लगे गांवों में स्थानीय लोगों की सजगता और सहयोग से ही वन एवं वन्य प्राणियों की प्रभावी सुरक्षा संभव है।

कार्यशाला में पद्मश्री अर्जुनसिंह धुर्वे की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं वन विभाग का अमला उपस्थित रहा। वन परिक्षेत्राधिकारी हर्षित सक्सेना (बजाग), रेवा सिंह परस्ती (गोरकन्हरी), सिद्धार्थ तिवारी (समनापुर), मिथुन सिसोदिया (बजाग उत्पादन) सहित, अजय मुकुंद पोल वनपाल सहित अनेक वन परिक्षेत्र अधिकारी, डिप्टी रेंजर एवं वनरक्षक मौजूद रहे।
अधिकारियों द्वारा वन संरक्षण, अवैध कटाई रोकने, जंगल में आग की घटनाओं से बचाव तथा हाथियों की गतिविधियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण एवं जंगल के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!