मार्च में शनिवार और रविवार को भी खुलेगा पंजीयन कार्यालय

होली को छोड़कर सभी अवकाश दिवसों पर खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, शासन के राजस्व हितों एवं आमजन को दस्तावेजों के पंजीयन कार्य में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महानिरीक्षक पंजीयन मध्यप्रदेश द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। जारी निर्देशानुसार माह मार्च 2026 में होली के अवकाश को छोड़कर शेष सभी सार्वजनिक अवकाश दिवसों, प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को जिले के समस्त पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस संबंध में जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अवकाश दिवसों में भी पंजीयन कार्यालयों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को दस्तावेज पंजीयन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शासन को अपेक्षित राजस्व प्राप्त हो सके।

जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ जिला पंजीयक, जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय निर्धारित अवकाश दिवसों में शासकीय समय में संचालित होंगे तथा दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य पूर्ववत किया जाएगा।

महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों को अपने-अपने परिक्षेत्र अंतर्गत समस्त पंजीयन कार्यालय अवकाश दिवसों में खोले जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने भी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!