अवैध शराब रोकने में असफल आबकारी और पुलिस विभाग : गोगपा कार्यकर्ता संभालेगे मोर्चा

आबकारी और पुलिस की नाकामी के खिलाफ गोगपा ने सौंपा ज्ञापन

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, बजाग क्षेत्र में अवैध शराब की गांव गांव में हो रही बिक्री जिस पर आबकारी विभाग और पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। गौरतलब है कि पूर्व में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बजाग क्षेत्र में अवैध शराब पकड़वाई थी, किंतु इसके बाद भी क्षेत्र में बेरोकटोक अवैध शराब की सप्लाई जारी है। जिससे आक्रोशित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता क्षेत्र में हो रही अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ एक बार फिर सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे है।

अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी बजाग के नाम ज्ञापन सौंपा है जिसमें उल्लेख् है कि जिला एक आदिवासी बाहुल्य जिला है और यहां पर शराब की 4 दुकानें स्वीकृत है क्रमशः शहपुरा, समनापुर, गाडासरई और करंजिया है। जिला पांचवी अनुसूची क्षेत्र है, यहां पर शराब ठेकेदार के ‌द्वारा बड़े पैमाने पर पूरे जिले के प्रत्येक गांव में अवैध रूप से सप्लाई कराया जाता है। इसी कारण से युवा पीढ़ी पूरी तरह से बर्बाद हो रही हैं और नशे की हालत में अपने ही माता-पिता एवं गांव वालों से आए दिन लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट करते हैं। रोड दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इसे रोक लगाने के लिए पार्टी संगठन के द्वारा जिला प्रशासन को अनेकों बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग के द्वारा किसी प्रकार के कार्यवाही नहीं की जा रही है। क्योंकि यह विभाग दारू ठेकेदार से पूर्ण रूप से साठगांठ कर लिया है ऐसा प्रतीत होता है।

अतः आपसे पुनः अपील कर रहे हैं कि अब आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगा पा रही है। इसलिए अब समाज एवं हमारे संगठन के कार्यकर्ताओं के द्वारा जिले के प्रत्येक गांव में पहरेदारी कर अवैध बिक्री पर रोक लगाने के काम करेंगे। अगर ठेकेदार व उनके कर्मचारियों के द्वारा किसी भी प्रकार के आरोप प्रत्यारोप या मारपीट व झगड़ा करते हैं तो इसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी एवं ठेकेदार व उनके कर्मचारियों के द्वारा गलत तरीके से फसाने या रिपोर्ट दर्ज करने की स्थिति में झूठा आरोप माना जाए।

कहां से आ रही है शराब? पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत के आरोप

जिले भर में नियमित तौर पर बड़ी मात्रा में बिक रही अवैध शराब को रोकने में जिले का आबकारी और पुलिस अमला नाकाम साबित हो चुका है। ऐसा नहीं है कि विभाग का अमला नकारा या अक्षम है तब भी खुलेआम अवैध शराब गांव गांव में बिक रही है, जिसको लेकर सवाल जरूर उठते है। आखिर जिम्मेदार पुलिस और आबकारी विभाग के अमला अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा पा रहा है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ कई बार कार्यवाही की गई किंतु आजतक पुलिस यह नहीं बता पाई कि अवैध शराब आ कहा से रही थी, न ही अब तक किसी शराब दुकान के खिलाफ कार्यवाही की गई जबकि स्पष्ट तौर पर अवैध शराब किसी न किसी शासकीय शराब दुकान से ही लाकर बेची जाती है। किंतु उन पर आजतक कोई कार्यवाही नहीं किया जाना जाहिर करता है कि पुलिस और आबकारी विभाग गंभीरता से कार्यवाही नहीं कर रही है। बजाग क्षेत्र में गांव गांव में खुलेआम बिक रही अवैध शराब और जिम्मेदार विभागों द्वारा कभी कभी की जाने वाली दिखावटी कार्यवाहियों को लेकर आम लोगों का आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग की साठगांठ से ही अवैध शराब जिले भर में बिक रही है।

जिले में खुलेआम शराब की गांव गांव बिक्री से बढ़ रहे विवाद, अपराधिक मामले और सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को लेकर समाज चिंतित है किंतु जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन इस पर अधिक गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है जिसके चलते अवैध शराब के कारोबारी निश्चित होकर खुलेआम कारोबार कर रहे है। इस विकराल समस्या के खिलाफ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता लगातार विरोध करते रहे है किंतु प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने अब खुद मोर्चा सम्हालने की जानकारी ज्ञापन सौंपकर पुलिस को दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!