बच्चा चोर गिरोह के संबंध में भ्रामक खबरों से भय का माहौल

अफवाह और झूठी खबर से बच्चों में दहशत

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिले में बच्चा गिरोह सक्रिय होने और सोमवार को बच्चा चोरी करते दो महिलाओं को गिरफ्तार किये जाने की भ्रामक खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जबकि ऐसी कोई घटना अथवा वारदात की पुष्टि डिंडोरी पुलिस द्वारा नहीं की गई है। तब भी सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें तेजी से फैलाए जाने से जिले भर में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर चिंता में है। पूरे जिले में बच्चा चोर गिरोह की खबर चर्चा में है और कुछ कथित तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित किये जाने के बाद जिले भर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

चर्चा है कि सोमवार को डीडी मार्केट के आसपास दो महिलाओं को बच्चा चोरी करते लोगों ने पकड़ा और फिर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्स चोरी के संदेह पर दो महिलाओं को लोगों द्वारा पकड़े जाने के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया था। जिनसे पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा उन्हें छोड़ दिया गया। इस संबंध में न तो कोई शिकायत किसी के द्वारा दर्ज करवाई गई है और न ही इन महिलाओं से कोई जप्ति की गई है। किंतु कुछ लोगों द्वारा तत्वहीन भ्रामक खबर फैलाई जा रही है कि बच्चा चोरी करते दो महिलाओं को पुलिस के हवाले किया गया। किसी बच्चे के चोरी अथवा चोरी किए जाने के प्रयास की भी कोई शिकायत अथवा एफ आई आर कोतवाली में दर्ज नहीं कराई गई है। इस तरह की भ्रामक खबर से पूरे जिले में दहशत का माहौल है बच्चों में डर व्याप्त है इस खबर को लेकर महिलाओं में अधिक चर्चा है। जबकि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है। पूरी तरह से निराधार खबर फैलाई जा रही है

भ्रामक खबरों को संज्ञान में लेकर प्रशासन कार्यवाही करे

जिले में बच्चा चोर गिरोह पकड़े जाने की भ्रामक खबर की चर्चा पूरे जिले में तेज है। स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों में भय का माहौल है। ग्रामीण अंचल में जहां बच्चे दूर गाँवों से पैदल चलकर स्कूल जाते है उनमें भारी भय व्याप्त है। परीक्षाओं के समय पर अकेले स्कूल जाने वाले बच्चे भी डरे हुए है। ऐसी भ्रामक खबरों से भय का माहौल बना हुआ है जिसे पुलिस प्रशासन को संज्ञान में लेकर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध जरूरी कार्यवाही की जाना चाहिए। ताकि भ्रामक खबर और झूठी अफवाहों से समाज को प्रभावित होने से बचाया जा सके।

“इस तरह की कोई भी घटना नहीं हुई है। यदि ऐसी कोई वारदात या घटना की जानकारी किसी को हो तो पुलिस को जानकारी दी जाए जिससे पुलिस तत्काल कार्यवाही कर सके। अब तक बच्चा चोरी से संबंधित किसी भी घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को नहीं मिली है, यह पूरी तरह से निराधार खबर और अफवाह है।”

दुर्गा प्रसाद नागपुर,
थाना प्रभारी,
डिंडोरी कोतवाली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!