खाली वर्तन लेकर ग्रामीण सड़क पर उतरे

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिले में अभी गर्मियों की आहट नहीं हुई है किंतु जल संकट को लेकर ग्रामीण परेशान होते दिखाई दे रहे है। ग्रामीण अंचल में अभी से पानी की समस्या इतनी बढ़ती जा रही है कि ग्रामीण सड़कों पर उतरने मजबूर हो रहे है। इसी क्रम में जल संकट से हलकान ग्राम पंचायत धुर्रा के ग्रामीणों ने सुबह से सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जल संकट से परेशान ग्रामवासियों ने खाली बर्तन लेकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

पानी के लिये परेशान हो रहे ग्रामीण गांव में पानी की समस्या के समाधान के लिए अपने स्तर पर तमाम प्रयास कर चुके है। किंतु कोई सुनवाई नहीं होने से उन्होंने सड़क जाम करने का निर्णय लिया ताकि गांव की समस्या जिला प्रशासन के कानो तक पहुंच सके।
जल जीवन मिशन फ्लॉप
प्रधानमंत्री की महत्वकांक्षी योजना जल जीवन मिशन शासन और प्रशासन की कागजी फाइलों को भले सराबोर कर रही हो किंतु योजना जिले में फ्लॉप दिखाई देती है। सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किये जाने के बाद भी गांव गांव में पानी की टंकिया, पाइप लाइने भले दिखाई दे रही है किंतु ग्रामीणों की प्यास बुझती नहीं दिखाई दे रही है। करोड़ो रुपये खर्च करके कही कुछ टोले, मुहल्लों में पानी पहुंच पा रहा है तो कही कुछ दिन में ही योजना बंद होने की खबरें आ रही है। कुल मिलाकर जिस तरह सरकार ने इस योजना पर भरपूर राशि खर्च की है वैसे परिणाम जिले में नहीं दिखाई दे रहे है। अधिकांश गांवों में ग्रामीण जल जीवन मिशन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। हालांकि विभाग और प्रशासन लगातार योजना की समीक्षा, क्रियान्वयन, लक्ष्य को लेकर व्यस्त है तब भी ग्रामीण खाली बर्तन लेकर सड़के जाम करने को मजबूर है।
