एंबुलेंस का ऑक्सीजन रास्ते हुआ खत्म, मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया जाम

जिला अस्पताल डिंडौरी पर लापरवाही के आरोप

परिजनों का हंगामा, अस्पताल के बाहर सड़क पर प्रदर्शन, शहर का यातायात प्रभावित

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जिला अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर एंबुलेंस और पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीज की रास्ते में मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार रविंद्र कुमार मरावी को 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालत अधिक गंभीर होने पर 5 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी डॉक्टर डॉ. सुरेश मरावी द्वारा मरीज को जबलपुर रेफर किया गया। जबलपुर ले जाते समय मरीज की कुंडम के पास ऑक्सीजन खत्म होने के कारण मौत होना बताया जा रहा है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 108 एंबुलेंस से भेजा जाना चाहिए था, लेकिन डॉक्टर के कहने पर “जननी एक्सप्रेस” से रेफर कर दिया गया। जननी एक्सप्रेस में मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडरों को लेकर भी गंभीर विरोधाभास सामने आया है। परिजनों के अनुसार वाहन चालक ने बताया कि एक सिलेंडर पूरी तरह खाली था और दूसरा आधा भरा हुआ, जिसकी जानकारी न तो मरीज को दी गई और न ही परिजनों को। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि एंबुलेंस में मौजूद दोनों ऑक्सीजन सिलेंडर भरे हुए थे।

बताया जा रहा है कि कुंडम के आसपास ऑक्सीजन समाप्त होने से मरीज की हालत और बिगड़ गई। ऑक्सीजन न मिलने के कारण करीब दोपहर 1 बजे रविंद्र कुमार मरावी की मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंचे और ड्यूटी डॉक्टर से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार कराने के बावजूद डॉक्टर मौके पर नहीं आए। अस्पताल स्टाफ ने भी इस मामले पर कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया।


घटना से आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल के सामने सड़क पर बैठकर प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृतक परिवार को पूर्ण न्याय देने की मांग की है।

परिजनों के हंगामे और प्रदर्शन से शहर का यातायात प्रभावित

अस्पताल के सामने मृतक के परिजनों ने सड़क जामकर दी जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। यातायात थाने से ड्रीम रोड होते हुए वाहनों के निकलने से नर्मदा गंज, राम मंदिर आदि क्षेत्रों में भी जाम की स्थिति बन गई वही पीडब्लूडी कॉलोनी रोड, सब्जी मंडी मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन गई।

पूरे मामले पर जिला प्रशासन को निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए वही एंबुलेंस व्यवस्था की मनमानी और उचित मूल्यांकन की व्यवस्था की जाना चाहिए़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!