कायाकल्प मूल्यांकन टीम ने किया निरीक्षण

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिला अस्पताल में जल्दी ही बर्न और सर्जिकल वार्ड की अलग से व्यवस्था होगी।इस बाबद हेल्थ मूल्यांकन टीम ने निर्देश दिये हैं। जिन पर अमल करने हेतु स्वास्थ्य अमले ने तैयारी शुरू कर दी है। विदित होवे कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्थानीय व्यवस्था की नब्ज टटोलने की मंशा के तहत भोपाल स्तर पर गठित कायाकल्प मूल्यांकन टीम ने गत दिवस जिला अस्पताल का दौरा किया।बर्न और सर्जिकल मरीजों को संक्रमण से बचाने के लिये दो अलग वार्ड तैयार करने पर भी विचार किया गया। इस दौरान टीम ने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था, स्वच्छता मानकों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी, शौचालय, गलियारे और सहित नौ वार्ड की स्थिति को परखा। टीम का नेतृत्व डॉ. अंशुल शर्मा और शुभ्रा कुशराम ने किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ.रमेश मरावी, डॉ. धर्मवीर मार्को, अस्पताल प्रबंधक योगेंद्र उइके सहित तमाम अमला मौजूद रहा।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस किया। टीम ने अस्पताल प्रबंधन को नियमित निगरानी और समय-समय पर सफाई अभियान चलाने की सलाह दी। अस्पताल प्रशासन की ओर से टीम को बताया गया कि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।बताया गया है कि सफाई कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है और संक्रमण नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही मरीजों और स्टाफ को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

