मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत 21 से 27 जनवरी तक सोमनाथ यात्रा
तीर्थ यात्री कैसे उठाए योजना का लाभ
बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा का लाभ प्रदान करने की दिशा में प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर कार्यालय, डिंडोरी द्वारा संबंधित विभागों एवं निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे व्यक्ति, जो आयकरदाता नहीं हैं। उन्हें मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दिनांक 13 नवम्बर 2025 से 29 मार्च 2026 तक विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत डिंडोरी जिले के चयनित हितग्राहियों को दिनांक 21 जनवरी 2026 से 27 जनवरी 2026 तक द्वारका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा।
इसके लिए इच्छुक पात्र आवेदकों से निर्धारित तिथि 15 जनवरी 2026 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का पंजीयन मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा विकसित पोर्टल dpms.mp.gov.in के माध्यम से किया जाएगा।
यात्रा कुल 7 दिवस की होगी, जिसमें यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन शहडोल तक पहुंचना होगा, जहां से यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ मिलेगा, वहीं व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री स्वयं साथ रखना होगी। यात्रा के दौरान आधार/वोटर आईडी की मूल प्रति साथ रखना अनिवार्य रहेगा।
डिंडोरी जिले के लिए कुल 200 यात्रियों की सीटें आवंटित की गई हैं। निकाय एवं जनपद पंचायतवार आवंटन इस प्रकार है— नगर पालिका डिंडोरी एवं शाहपुरा से 10-10, जनपद पंचायत डिंडोरी, बजाग एवं करंजिया से 30-30, जनपद पंचायत अमरपुर एवं समनापुर से 25-25 तथा जनपद पंचायत शाहपुरा एवं मेहंदवानी से 20-20 सीटें निर्धारित की गई हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पात्र हितग्राहियों का समय-सीमा में चयन सुनिश्चित कर योजना का लाभ अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाया जाए।

