डिंडौरी शहर में अवैध शराब पर रोक लगाने की मांग

युवाओं ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जिला मुख्यालय में अवैध शराब की बिक्री को लेकर मीडिया में खबरें आने के बाद भी प्रशासन और पुलिस, शराब माफियाओं पर अंकुश लगाने में अक्षम साबित हो रहा है। शहर में खुलेआम शराब बिक्री को लेकर अब आमलोगों के द्वारा भी विरोध किया जाने लगा है किंतु पुलिस और प्रशासन के काम पर जू तक नहीं रेंग रही है। विगत दिनों नर्मदा किनारे नाबालिक लड़कियों द्वारा शराब का सेवन किए जाने का मामला गर्माया था जिसके बाद बजरंग दल द्वारा अवैध शराब की बिक्री रोकने ज्ञापन देने के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध शराब पकड़वाई गई थी। आज युवाओं द्वारा पुनः समनापुर नाके पर अवैध शराब पकड़वाई है। हैरानी की बात यह है कि इन तस्करों को पुलिस खुद से नहीं पकड़ पा रही है।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर युवाओं द्वारा गुरुवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में लेख किया गया है कि जिले में पिछले काफी समय से अवैध शराब का धड़ल्ले से विक्रय किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव के आदेशों को अनदेखा किया जा रहा है। मां नर्मदा किनारे 5 किमी. के दायरे तक शराब पर प्रतिबंध लगाया गया था। उसके बाद भी प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। इस कारण नर्मदा किनारे लोग जाकर शराब पीते हुए दिखते है। साथ ही क्षेत्र में अपराध, झगडे, सड़क दुर्घटनाएँ एवं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड जैसी गंभीर समस्याएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। अवैध शराब के कारोबारी खुलेआम गली-मोहल्लों में शराब बेच रहे हैं। कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है। ज्ञापन के द्वारा मांग है कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित कर नगर में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्यवाही करवाई जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रह सके।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर एक युवक, युवती नर्मदा घाट पर शराब पीते पाए जाने से युवाओं में अवैध शराब की बिक्री को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!