पीएम श्री योजना के तहत ब्रेन ट्यूमर के मरीज को एयरलिफ्ट किया
राकेश मिश्रा की रिपोर्ट

बैगांचल एक्प्रेस, मध्यप्रदेश शासन ने आमजन को सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक और बड़ा प्रयास कर दिखाया। डिंडोरी जिला अस्पताल में भर्ती मरीज को गुरुवार की सुबह हेलीकॉप्टर के द्वारा भोपाल स्थित एम्स अस्पताल भेजा गया जहां उसका आगामी उपचार संभव हो सकेगा। जिला प्रशासन के संवेदी प्रयास के चलते मरीज को आवश्यक उपचार हेतु एयर एंबुलेंस से भोपाल भेजा गया है जिसका पूरा खर्च शासन द्वारा उठाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में मरीज को कोई राजी खर्च नहीं करनी होगी। शासन प्रशासन के इस प्रयास से आमजन को विशेष सुविधा मिल पा रही है जिससे समय पर उपचार संभव हो सके।

जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया की समनापुर तहसील के पिपरिया गांव की बच्ची प्रीति चंदेल को ब्रेन ट्यूमर के उपचार हेतु पीएम श्री एयर एंबुलेंस के माध्यम से एम्स भोपाल भेजा गया है। यह योजना डिंडोरी जैसे दुर्गम जिलों के लिय विशेष लाभकारी सिद्ध होगी।

गुरुवार को सुबह 10.30 बजे जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन ग्राउंड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज को भोपाल रवाना किया गया। पूरी प्रक्रिया जिला अधिकारियों की देखरेख और उपस्थिति में की गई। गौरतलब है कि यह पहला मौका है जब जिले से किसी मरीज को एयर लिफ्ट कर उपचार हेतु बाहर भेजा गया है।

मध्य प्रदेश शासन की संवेदनशीलता और डिंडोरी जिला प्रशासन के प्रयासों से आज ग्राम पिपरिया की रहने वाली 25 वर्षीय कुमारी कीर्ति चंदेल को बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स भोपाल भेजा गया। कीर्ति चंदेल के माता-पिता खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे बेटी की गंभीर बीमारी का महंगा इलाज कराने में सक्षम नहीं थे। भाई पुनु दास चंदेल ने बताया कि दो माह पूर्व रायपुर मेडिकल कॉलेज में कीर्ति के कमर के ट्यूमर की सर्जरी कराई गई थी, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें मंगलवार को जिला चिकित्सालय डिंडोरी के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था।

इस विशेष एयर एम्बुलेंस का संचालन पायलट कैप्टन जे.एस. चौहान और कैप्टन संजय कुमार शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें मरीज के साथ उनके परिवार का एक सदस्य और डॉक्टर श्री पंकज मौजूद रहे। इस दौरान जिला प्रशासन से एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी, जिला चिकित्सालय अधिकारी श्री मनोज पांडे, जनसंपर्क अधिकारी श्री चेतराम अहिरवार, तहसीलदार श्री शशांक और यातायात प्रभारी श्री सुभाष सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के नागरिकों ने कीर्ति चंदेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

