जनसुनवाई में 44 आवेदनों पर सुनवाई, त्वरित निराकरण के निर्देश

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए नागरिकों द्वारा समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 44 आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उनमें आवेदकों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक आश्वासन प्रदान किया गया।

करौदा में पक्की सड़क की मांग

ग्राम करौंदा, ग्राम पंचायत करौंदा रैयत के निवासियों ने बताया कि उनके मोहल्ले में आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क के अभाव में वर्षा ऋतु में अत्यधिक कीचड़ हो जाता है, जिससे बच्चों का विद्यालय जाना, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का अस्पताल पहुँचना तथा आमजन का आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है। ग्रामवासियों ने शीघ्र सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की।

डिंडोरी वार्ड 13 में नालियों की सफाई नहीं

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 13, पुरानी डिण्डौरी स्थित अमरकंटक रोड के निवासियों ने मुख्य नाली की वर्षों से सफाई न होने की समस्या रखी। नाली के मलवे से भर जाने के कारण घरों की नालियों में पानी वापस आ रहा है, जिससे गंदगी और अस्वच्छता फैल रही है। नागरिकों ने नाली की सफाई कराकर घरों के कनेक्शन मुख्य सीवर लाइन से जोड़ने का अनुरोध किया।

वन अधिकार पत्र नहीं मिले:

वन ग्राम दादर घुघरी, ग्राम पंचायत केवलारदर, विकासखंड मेहंदवानी के निवासियों ने वनाधिकार अधिनियम 2006 के तहत पात्र होने के बावजूद वनाधिकार पत्र अब तक प्राप्त न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सूची जारी होने के बाद भी संबंधित कर्मचारियों द्वारा अधिकार पत्र वितरित नहीं किए गए हैं।

नलजल योजना ठेकेदार से शिकायत:

जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदरानी के किसानों ने नल-जल योजना के कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा उनकी अंडरग्राउंड सिंचाई पाइपलाइन तोड़े जाने की शिकायत की। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सिंचाई बाधित हो गई है, जिससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई गई।

ग्राम पंचायत चिरपोटीमाल के ग्राम सरसी के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विद्युत पोल लगभग दो वर्षों से टूटा हुआ है और पेड़ के सहारे टिका है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने नया विद्युत पोल लगाए जाने की मांग की।

अझवार अस्पताल में सुविधाओं का अभाव :

इसके अलावा उपस्वास्थ्य केंद्र अझवार में प्रसव सुविधा एवं रात्रिकालीन आकस्मिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध न होने का आवेदन देकर ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय चिकित्सा सेवाएं न मिलने से गर्भवती महिलाओं को जिला अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने परीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!