सुपर स्पेशलिटी डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तथा तकनीकी विशेषज्ञों की नियुक्ति होगी
प्रदेश कैबिनेट का निर्णय
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, 24 अक्टूबर, 2025, राज्य सरकार ने कैबिनेट बैठक में डिंडौरी जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने से जुड़ा ऐतिहासिक निर्णय लिया है। बैठक में प्रदेश के पाँच जिलों-टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, सिवनी और डिंडौरी के जिला चिकित्सालयों में कुल 800 बिस्तरों के उन्नयन को स्वीकृति प्रदान की गई है।

प्रदेश सरकार के इस निर्णय से डिंडौरी जिला चिकित्सालय को न केवल आधुनिक स्वरूप मिलेगा, बल्कि जिलेवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ भी प्राप्त होंगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उन्नयन के पश्चात अस्पताल में अत्याधुनिक उपकरण, सुपर स्पेशलिटी डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तथा तकनीकी विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। इससे भर्ती, जांच, उपचार एवं आपात सेवाएँ और भी सुलभ व प्रभावी बन सकेंगी।सरकार का उद्देश्य है कि आदिवासी बहुल डिंडौरी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को शहरों के समकक्ष लाया जाए ताकि गंभीर बीमारियों के लिए मरीजों को जबलपुर जैसे बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
पांच जिलों के अस्पतालों में नियमित 543 पद, संविदा के 400 और आउटसोर्सिंग के 263 पदों को भरा जाएगा। इस पर 39.50 करोड़ का वार्षिक खर्च आएगा। इस फैसले के बाद टीकमगढ़ में 300 बिस्तर का अस्पताल 500 बिस्तर का होगा। श्योपुर का जिला अस्पताल 200 से 300 बेड का होगा। नीमच का अस्पताल 200 से 400 बेड का होगा। सिंगरौली में जिला अस्पताल 200 से 400 बेड का हो जाएगा। डिंडोरी में 100 बेड का अस्पताल 200 बेड का हो जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम जिले के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगा। इससे डिंडौरी समेत पूरे अंचल के हजारों लोगों को बेहतर उपचार, त्वरित जांच और आपातकालीन सेवाओं का लाभ मिलेगा।
200 बिस्तरों वाले इस उन्नत अस्पताल के निर्माण और संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी सुधार होगा और डिंडौरी जिला चिकित्सालय प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय डिंडोरी अब तक सौ बिस्तरीय था जो अब 200 बिस्तर वाला होगा। जिससे जिला चिकित्सालय की बिस्तर क्षमता अब दोगुनी हो जाएगी।


