अमरपुर :अतिक्रमण के चलते मुख्य मार्ग पर लगता जाम

बैगांचल एक्प्रेस, अमरपुर जनपद पंचायत मुख्यालय के मुख्य मार्ग में हमेशा जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती हैं। जिससे यात्रीगण, आमजन, स्कूली छात्र, छात्राएं परेशान होते रहे हैं। खास कर साप्ताहिक हॉट बाजार मंगलवार को यह परेशानी बहुत अधिक बढ़ जाती हैं। नगर में यह समस्या वर्षों से है जिसका कोई निदान निकलने का प्रयास स्थानीय प्रशासन द्वारा नहीं किया गया। साप्ताहिक बाजार के दिन मुख्य मार्ग से निकलना चुनौती भरा काम हो जाता है। बाहरी वाहनों, मरीजों और महिलाओं के लिए यह बड़ी समस्या है।

इस समस्या के संबंध में हमेशा शांति समिति की बैठक नगर के सभी लोगों के द्वारा मुद्दा उठाया जाता हैं। बताया जाता है कि विगत वर्षों में सड़क निर्माण के साथ फुटपाथ का निर्माण भी किया गया था, लेकिन सड़क के दोनों तरफ लगे पेवर ब्लाक को उखाड़ कर कई दुकानदारों के द्वारा खंभा लगाकर अपनी दुकानें सड़क तक बढ़ा ली जाती हैं। जिससे मार्ग बाधित हो जाता है और वाहनों एवं आमजन को आवागमन में भारी परेशानी होती हैं। ग्राम पंचायत, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग को मिलकर इस समस्या के निराकरण हेतु प्रयास करने चाहिए़ ताकि मुख्य मार्ग की उचित व्यवस्था बनाई जा सके और यातायात सुगम हो। किंतु हर बार यह मुद्दा बैठक तक ही सीमित रह जाता हैं।‌ स्थानीय प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेकर आगे कोई भी कार्यवाही नहीं करता।

नगर के कुछ लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा नायाब तहसीलदार को पत्र क्रमांक/ ग्रा/ पं./ 2025/110 दिनांक 22/9/2025 के द्वारा भी अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया हैं। जिस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं चौकी प्रभारी अमरपुर को भी प्रेषित की जा चुकी हैं। परंतु अब तक किसी प्रकार की कार्यवाही जिम्मेदार विभाग द्वारा नहीं की जा सकी हैं। जिससे नगर में समस्या बढ़ती जा रही है। कुछ लोगों के द्वारा इस तरह के प्रयास किए जाने और उन पर कोई कार्यवाही न होने के परिणामस्वरूप अन्य सभी दुकानदार उनकी ही तरह अपनी दुकानें सड़क की तरफ बढ़ा रहे है जिससे अक्सर बड़े जाम के जैसी स्थिति इस छोटे से कस्बे में दिखाई देती है, जिस पर अंकुश लगाना कोई बड़ा कार्य नहीं है पर स्थानीय प्रशासन अपनी कार्यवाही को अंजाम देने से चूक रहा है जिससे अमरपुर आने वाले पूरे ब्लॉक के लोग कही न कही प्रभावित जरूर होते है। आमजन का जिला प्रशासन से अनुरोध है कि अमरपुर में होने वाली जाम की समस्या के निराकरण हेतु तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जावे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!