मृतिका के भाई ने SP से की शिकायत
मौत को आत्महत्या बताकर पोस्टमार्टम नहीं किया गया
बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, 7 अक्टूबर 2025, जिले के बजाग थाना अंतर्गत विगत दिनों एक महिला की पेड़ पर लटकी हुई लाश मिली थी। जिसकी शिकायत बजाग थाने में की गई थी। मामले में मृतक के भाई राजेन्द्र यादव ने पुलिस अधीक्षक डिंडोरी को आवेदन देते हुए यह आरोप लगाया है कि मृतिका और उनके पति का घर पर विवाद हुआ था और इसके बाद दूसरे दिन उसकी बहिन की लाश फांसी में लटकी मिली। जिसकी शिकायत बजाग थाने में किए जाने के बाद मौके पर डाक्टर और पुलिस कर्मी पहुंचे थे। आवेदक ने आरोप लगाया है कि हमारे बोलने (मृतिका के परिजनों) पर भी पोस्टमार्टम नहीं किया गया। मामला निपटाने के लिए 5-5 हजार रुपए लिए गए। हमारे विरोध करने पर हमें डांटा जा रहा था। इस पूरे मामले को पूरे विवरण और गवाहों के साथ शिकायत की है कि मृतक की हत्या को आत्महत्या बनाने की कोशिश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त शिकायत को संज्ञान में लेते हुए SP डिंडोरी ने मामले की जांच के लिए निर्देशित किया है। बताया जाता है कि बजाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के BMO की कार्यशैली पर पहले भी गंभीर सवाल खड़े होते रहे है।
इनके ट्रांसफर होने के बाद भी उच्चाधिकारियों की सांठगांठ के चलते ये साहब आज भी यही डटे हुए हैं जिन पर अब एक गंभीर आरोप लगा है। हालांकि डाक्टर ने पैसे लेने के आरोप को निराधार बताया है और परिजनों की रजामंदी से पोस्टमार्टम ना करने की बात स्वीकार की है।
प्रकरण में मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया है नहीं इसकी पुष्टि जांच में पुलिस द्वारा की जाएगी। मृतिका के भाई के द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार यदि पुलिस ने आत्महत्या के प्रकरण में पोस्टमार्टम नहीं करवाया है तो यह गंभीर चूक है और इसके पीछे लग रहे आरोपों को नकारा नहीं जा सकता है। पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त शिकायत की जांच कराकर क्या कार्यवाही की जाती है यह देखना होगा। फिलहाल लग रहे आरोप से पुलिस और डॉक्टर की छवि आमजन के बीच खराब हो रही है। वही लोग पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रही है।
इनका कहना है
“मामला संज्ञान में आया है, आरोपो की जांच की जायेगी और जांच उपरांत उच्चाधिकारियों के निर्देश से कार्यवाही करेंगे”
शिवलाल मरकाम,
थाना प्रभारी, बजाग


