बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, 6 अक्टूबर 2025डिंडोरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुल्लोपुर के पास स्थित रैपुरा पुलिया के समीप एक अधेड़ व्यक्ति का शव खून से लथपथ मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही, शहपुरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के कारणों व आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मृतक डोभी निवासी, व्यक्तिगत रंजिश की आशंका

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भद्दा मरकाम (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम डोभी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मृतक चौरा खितौला गांव में एक दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आया था।प्रारंभिक अनुमान है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से भद्दा मरकाम पर हमला किया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शहपुरा पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है और व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



