2 साल से अधूरा स्टेट हाईवे: बारिश में कीचड़, फिसलन और गिट्टियों से बढ़ी राहगीरों की परेशानी

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी,जिले में गाड़ासरई के सागर टोला से बजाग होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक बन रहे स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य पिछले लगभग दो वर्षों से जारी है। निर्माण की धीमी रफ्तार और अधूरे कार्यों के कारण यह मार्ग अब स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, निर्माण एजेंसी ने कई स्थानों पर करीब 3 से 4 किलोमीटर तक पुरानी सड़क की खुदाई कर दी है, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी पड़ गई। इस बीच बारिश शुरू होने से खुदाई वाले हिस्सों में कीचड़, जलभराव और फिसलन की स्थिति बन गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिछाई गई नुकीली गिट्टियां भी दुर्घटनाओं और वाहन क्षति का कारण बन रही हैं। प्रतिदिन कई वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं, जिससे यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। भारी और मालवाहक वाहनों के चालकों का भी कहना है कि खराब सड़क और उभरी हुई गिट्टियों के कारण वाहनों के टायर एवं अन्य पुर्जे तेजी से खराब हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही, जहां सड़क की खुदाई की जा चुकी है वहां अस्थायी मरम्मत, समतलीकरण और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!