आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के 9 प्रकरण दर्ज; 11,450 रुपये की मदिरा बरामद

बैगाचल एक्प्रेस डिंडौरी : 21 अगस्त,2026, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। आबकारी अधिकारी श्री पतरस बड़ा के मार्गदर्शन में वृत्त शहपुरा क्षेत्र में अवैध शराब रखने एवं बिक्री संबंधी प्राप्त शिकायतों के आधार पर दबिश देकर कुल 9 प्रकरण कायम किए गए। कार्यवाही के दौरान 29 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, 54 पाव देशी मदिरा एवं 10 पाव विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कुल कीमत 11 हजार 450 रुपये है।

कार्यवाही में ग्राम कठौतिया निवासी सुदर्शन बर्मन से 6 पाव रॉयल सिलेक्ट एवं 6 पाव देशी मदिरा मसाला, कुंजीलाल साहू से 4 पाव रॉयल सिलेक्ट रम एवं 6 पाव देशी मदिरा मसाला तथा सुरेंद्र कुमार की किराना दुकान से 17 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। ग्राम सूडगांव में संतोष कुमार से 10 लीटर तथा इंदिया बाई की किराना दुकान से 6 लीटर, ग्राम कनेरी में संजू प्रसाद से 7 लीटर एवं तामेश्वर परस्ते से 6 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं विशाल यादव से 10 पाव तथा ग्राम पिंडरई माल में धूप सिंह वाटिया से 15 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई।

सभी प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत पंजीबद्ध किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम सारसडोली में सुखसेन सिंह तथा ग्राम कठौतिया में श्रीराम साहू की दुकानों की पंचों के समक्ष विधिवत तलाशी ली गई, जहां आबकारी से संबंधित कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। मौके पर धारा 54 के तहत खाली तलाशी पंचनामा तैयार किया गया।

आबकारी विभाग की टीम द्वारा विदेशी-देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान शहपुरा-1 एवं शहपुरा-2 का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक करिशमा सलामे, यमन बरावी, सुनील कुमार डोगरे, नगर सैनिक तोक सिंह मरावी एवं वाहन चालक कुलदीप उइके शामिल रहे। विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!