संत समिति जिला अध्यक्ष बने श्री महंत श्री श्री 108 ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज (लक्ष्मण मड़वा)

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, अखिल भारतीय संत समिति की महत्वपूर्ण बैठक निर्भय सेवा आश्रम, मंडला में संपन्न हुई। बैठक समिति के प्रदेशाध्यक्ष एवं जगद्गुरु नरसिंह पीठाधीश्वर के सानिध्य में आयोजित की गई। इस अवसर पर समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष बालकदास महाराज तथा रामदास महाराज का विशेष आगमन हुआ, जिनका आश्रम परिवार एवं संत समाज द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।बैठक में मंडला एवं डिंडोरी जिले के अनेक संतों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान गौ रक्षा, सनातन धर्म की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा वर्तमान परिस्थितियों में संत समाज के संगठन एवं एकत्रीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। संतों ने समाज एवं राष्ट्रहित में संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक के दौरान समिति के प्रदेशाध्यक्ष के सानिध्य में श्री महंत ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज शंकराचार्य आश्रम लक्ष्मण मड़वा को अखिल भारतीय संत समिति का डिंडोरी जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रदान कीं।मनोनयन के उपरांत ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज ने कहा कि संत समाज द्वारा उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि गौ सेवा, धर्म रक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक जागरण के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रेमानंद महाराज, योगी रामेश्वर नाथ, साध्वी मणिपूर्णा देवी, साध्वी ललिता देवी, विश्व हिंदू परिषद के धर्माचार्य संपर्क प्रमुख मुन्ना पांडे सहित मंडला, डिंडोरी एवं जबलपुर क्षेत्र के अनेक संत, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।बैठक के उपरांत निर्भय सेवा आश्रम में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संतों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।

– अनिल अवधिया, डिंडोरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!