कम प्रगति पर 36 उपयंत्री एवं सहायक यंत्रियों को नोटिस के निर्देश

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनावार जानकारी लेकर कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता एवं समयसीमा पर विस्तृत चर्चा की गई।

मनरेगा में ढिलाई पर 36 को नोटिस

बैठक के दौरान मनरेगा योजना अंतर्गत जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, वाटरशेड एवं 15वें वित्त आयोग के माध्यम से संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों — आंगनवाड़ी भवन, नवीन जनपद पंचायत भवन, अटल ग्राम सुशासन भवन, जल गंगा संवर्धन कार्य, तालाब निर्माण, मेढ़ तालाब, ग्रेबियन संरचना, पेयजल कूप निर्माण, स्टॉप डेम, कूप निर्माण एवं मेढ़ बंधान सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में कम प्रगति एवं लंबित अपूर्ण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एसडीओ एवं सब इंजीनियरों को निर्देशित किया कि कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने एवं संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधित उपयंत्री एवं सहायक यंत्रियों सहित कुल 36 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण कराएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!