घानाघाट और चटुवा पंचायतों में सोलर लाईट खरीदी की होगी जांच

अन्य ग्राम पंचायतों की जांच कर कार्यवाही की जावे

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिले की 50 से अधिक ग्राम पंचायतों द्वारा 15 वे वित्त की राशि से नियमों को ताक पर रखकर, मनमानी कीमत पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स जबलपुर की एक फर्म से खरीदे जाने का मामला सुर्खियों में रहा है। जिसमें माझियाखार ग्राम पंचायत की जांच के बाद, पंचायत से राशि की वसूली किए जाने के आदेश जिला पंचायत द्वारा किए गए थे।

इसी क्रम में CEO जिला पंचायत डिंडोरी द्वारा ग्राम पंचायतों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए लाखों रुपए की राशि स्ट्रीट लाइट्स खरीदी पर खर्च किए जाने को गंभीरता से लेते हुए दो ग्राम पंचायतों की जांच हेतु डिंडोरी जनपद पंचायत को निर्देश जारी किए गए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मीडिया के माध्यम से सामने आई जानकारी के आधार पर जनपद पंचायत डिण्डौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत घानाघाट और चटुवा में सोलर स्ट्रीट लाईट के देयको का भुगतान किया गया है। सीईओ जिला पंचायत ने उक्त संबंध में जनपद डिंडोरी को जांच कर नियामानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुये 5 दिवस में अनिवार्य रूप से स्पष्ट अभिमत के साथ जांच प्रतिवेदन प्रेषित करना सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए है।

सभी ग्राम पंचायतों की जांच की जावे

गौरतलब है कि जिले की लगभग 50 ग्राम पंचायतों द्वारा मनमाने ढंग से ऊंची दर पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स की खरीदी की गई है। उक्त मामले में बिना किसी निविदा और कोटेशन के जबलपुर की एक फर्म से मनमानी और ऊंची दरों पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स की खरीदी की गई है। उक्त मामले में तकनीकी सत्यापन के बिना ही भुगतान किया गया है। इन सभी ग्राम पंचायतों की जांच कराकर उचित कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!