सांसद कुलस्ते के मुख्यआतिथ्य में शहरी PMआवास योजना गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न

15 लोगों को दी गई आवास की चाबी

150 आवासों का हो चुका है वितरण

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, नगर परिषद डिंडौरी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक डिंडौरी ओमकार सिंह मरकाम, शहपुरा ओम प्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पंकज तेकाम, अवधराज बिलैया, नरेन्द्र राजपूत, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

सीएमओ नगर परिषद ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 348 आवास एएचपी घटक में स्वीकृत किए गए हैं। जिनमें से पूर्व में 150 आवास पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जा चुके हैं। आज आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की उपस्थिति में रेवा परिसर औरई में निर्मित कॉलोनी के 15 हितग्राहियों को आवंटन आदेश एवं आवास की चाबी प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का घर हो, और यह योजना उसी सपने को साकार करने का माध्यम है। सांसद श्री कुलस्ते ने नगर परिषद डिंडौरी को निर्देश दिए कि योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों को ही मिले तथा स्वीकृत 348 आवासों में से शेष आवासों का निर्माण समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राही महिलाओं को मंच पर आमंत्रित कर उनसे संवाद किया तथा उनके अनुभव साझा कराए।
इस अवसर पर एक हितग्राही महिला ने मंच से भावुक होकर कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनका जीवन का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा, “आज मैं बहुत खुश हूँ। मेरी उम्र 42 वर्ष है और शासन की इस योजना के माध्यम से आज मेरा पक्का मकान का सपना पूरा हो रहा है।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि औरई रोड पर शासकीय भूमि पर प्रधानमंत्री आवास बनाने का प्रस्ताव आया परन्तु हाईवोल्टेज विद्युत लाइन होने के कारण निर्माण कार्य में परेशानी हो रही थी जिस कारण मैंने विधायक निधि से 15 लाख रूपए स्वीकृत कर लाइन शिफ्टिंग कराया जहां पर राज्य और केन्द्र सरकार के द्वारा 348 आवास स्वीकृत कर जिले की उपलब्धि है। उन्हें आज हमारे सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने 16 पात्र हितग्राहियों को आवंटन आदेश और आवास की चाबी प्रदाय की। जिससे जरूरतमंद व्यक्ति को पक्का मकान मिलने से न केवल जीवन स्तर में सुधार होता है, बल्कि परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और आत्मसम्मान भी प्राप्त होता है। विधायक श्री मरकाम ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास से वंचित न रहे। उन्होंने सांसद से शमशान घाट पहुंच मार्ग एवं औरई रोड में नवीन निर्मित बस्ती में विद्युत, शुद्ध पेयजल और नगर परिषद के वार्ड में साफ-सफाई करने की मांग की, जिससे हमारा नगर स्वच्छ और स्वस्थ्य रहे। उन्होंने संबंधित विभागों से अपील की कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण और समय-सीमा में पूरा हो। गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभान्वित हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!