जिला पंचायत अध्यक्ष धरने पर बैठे

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते और सीईओ जिला पंचायत के बीच निर्माण कार्यों और पंचायतों को 15 वे वित्त की राशि आबंटित किए जाने को लेकर चर्चा के दौरान दोनों के बीच गहमागहमी इस हद तक बढ़ गई कि आपस में जमकर विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों ही पक्षों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित पत्र देकर FIR दर्ज करने आवेदन दिया है। घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अपने साथियों के साथ धरने पर बैठ गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष का आरोप

पुलिस अधीक्षक डिंडोरी को दिए गए लिखित आवेदन में जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने लिखा है कि मैं कल 16 नवम्बर को कलेक्टर मैडम से लिखित शिकायत एक बगिया माँ के नाम योजना में हुये अनियमिता को लेकर की थी, जो अखबारों में प्रकाशित हुआ है उसी विषय को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, डिंडोरी का 11:00 AM में फोन आया और उन्होंने मुझे जिला पंचायत कार्यालय बुलाकर वार्तालाप के दौरान एक बगिया माँ के नाम में किये अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिये मुझसे अभद्रतापूर्वक, चिल्लाकर बात करने लगे और अपमानित किया, इसके बाद अपने गनमैन को बुलाकर बाहर निकालने को बोले, जो कि एक जनप्रतिनिधी के साथ किया गया कृत्य उचित नहीं है। जाँच कर उचित कार्यवाही करने की कृपा करें अन्यथा मजबूरन आंदोलन करने के लिये बाध्य होना पड़ेगा।
CEO जिला पंचायत का आरोप

इस विवाद के बाद सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी (IAS) ने जो शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है उसमें उल्लेख है कि मैं दिव्यांशु चौधरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिण्डौरी शासकीय सेवक हूँ। वर्तमान पद में आज दिनांक 17 दिसम्बर 2025 को अपने कार्यालय कक्ष में विधिवत शासकीय कर्तव्य निर्वहन कर रहा था, तभी समय लगभग 12:15 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते द्वारा मेरे कक्ष पर उपस्थित होकर जानबूझकर एवं दुर्भावनापूर्ण आशय से निर्माण कार्यों में जल्दी राशि जारी कराने हेतु दबाव बनाने लगे। जबकि मैने पूर्व में इस संबंध में चर्चा करने हेतु दिनांक 22.12.2025 को नियत की थी। जिसके बारे में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश परस्ते को मेरे द्वारा अवगत करा दिया गया था, फिर भी इस संबंध में तेज-तेज आवाज में बातचीत कर मुझ पर दबाव बनाने लगे, उस समय में अन्य शासकीय कार्य कर रहा था जिसमें उन्होंने लगातार बाधा उत्पन्न की तथा टेबल ठोकने लगे व मुझे अश्लील (गंदी-गंदी) गालिया देने लगे तथा धमकी दी कि देखता हूं तुम कैसे काम करते हो। श्री रुदेश परस्ते की तेज आवाज सुनकर कार्यालय के अधिनस्थ कर्मचारी एवं अन्य लोग भी आ गए तब भी जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते आक्रोशित होकर बदतमीजी और गाली-गलौच करता रहा, जिससे सावर्जनिक रूप से मैं अपमानित महसूस कर रहा हूं, तथा मेरी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। अतः श्री रुद्रेश परस्ते के विरुद्ध FIR दर्ज कर कार्यवाही करने हेतु आवेदन प्रेषित है। मैं विवेचना में पूर्ण सहयोग करूंगा।
घटना को लेकर दोनो ही पक्षों में आक्रोश देखा जा रहा है। जहां जनप्रतिनिधि अधिकारियों और कर्मचारियों पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे है वही अधिकारी कर्मचारी प्रतिनिधियों द्वारा नियम विरुद्ध अनावश्यक दबाव बनाए जाने की बात कही जाती है।
इस विवाद पर भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन ने अब तक कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिसको लेकर माना जा रहा है कि भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते इस लड़ाई में अकेले है। धरने पर बैठे जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ फिलहाल कुछ जिला पंचायत सदस्य शामिल है।
कोतवाली पुलिस ने कार्यवाही शुरू की
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस ने सीईओ दिव्यांशु चौधरी की शिकायत पर जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते के खिलाफ गाली गलौज करने, अभद्रता करने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला क्रमांक 705/2025 में दर्ज किया गया है जिसकी जांच जारी है।

