QR Code System
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, अब सीधे एसपी तक आम व्यक्ति ऑनलाइन शिकायत कर पाएंगे। डिण्डौरी पुलिस ने ऐसी एक अनोखी एवं पारदर्शी ऑनलाइन सुविधा जनहित में आज से प्रारंभ की है। इस नई योजना के संबंध में आज श्रीमती वाहनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डिंडोरी द्वारा पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह ने अभूतपूर्व कदम उठाते हुए जनता की समस्याओं, शिकायतों व सुझावों को सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुँचाने के लिए एक ऑनलाइन शिकायत प्रणाली प्रारम्भ की है। इस सुविधा के तहत अब नागरिक बिना किसी भय, दबाव या औपचारिकता के अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह (भा.पु.से.) को ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच अधिक पारदर्शिता, विश्वास, त्वरित सुनवाई व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
क्यूआर कोड से होगा आवेदन
जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा प्रारंभ विशेष QR Code System लागू किया गया है। नागरिक मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे ऑनलाइन फॉर्म में अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं।
कैसे की जा सकती है ऑनलाइन शिकायत ?
प्रत्येक नागरिक अपनी शिकायत ऑनलाइन भर सकता है, शिकायत भरने हेतु क्यू आर कोड को अपने फोन से स्केन करें उसके पश्चात watch to continue पर क्लिक करें इसके बाद फार्म पूरा भरें एवं सबमिट करें। जानकारी सही-सही भरना अनिवार्य, साथ ही शिकायत पत्र की फोटो या पीडीएफ अपलोड करना जरूरी।
क्यूआर कोड कहा से मिलेगा:
यह क्यूआर कोड सभी थाने व चौकियाँ पुलिस लाइन परिसर विभिन्न शासकीय कार्यालयों में पुलिस विभाग द्वारा लगवाया जाएगा। जिससे लोग बिना किसी संकोच के, घर से या सार्वजनिक स्थान से ही अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। डिंडोरी पुलिस अधीक्षक का आमजन के लिय संदेश है कि “डिण्डौरी पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई है। तकनीक के माध्यम से हम शिकायत प्रणाली को अधिक पारदर्शी, लोकहितकारी और जनता के लिए सुलभ बना रहे हैं।”
जनता से अपील :
डिण्डौरी पुलिस आम नागरिकों से आग्रह करती है कि इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें, शिकायत/आवेदन स्पष्ट रूप से दर्ज करें, आवश्यक दस्तावेज अवश्य अपलोड करें। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है तथा आने वाले समय में इसे और बेहतर एवं उपयोगी बनाया जाएगा। यह पहल पुलिस व जनता के बीच भरोसे, संवाद और न्याय की प्रक्रिया को मजबूत करेगी तथा हर नागरिक को “सीधी, सुरक्षित और सुगम शिकायत प्रणाली” का अधिकार प्रदान करेगी।
जनहित में अच्छे परिणाम आयेगे :
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह द्वारा लागू की जा रही इस व्यवस्था से आमजन बिना किसी दबाव के अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक को कर सकेंगे, जिससे पुलिस अधीक्षक तक जमीनी स्तर की जानकारी पहुंच सकेगी और वरिष्ठ अधिकारी इन आवेदनों के आधार पर समय पर आवश्यक कार्यवाही कर गड़बड़ियों को सुधार पाएंगे। इस योजना से आमलोग अब पुलिस के भय से मुक्त होकर अपनी शिकायत और समस्याएं अधिकारियों तक कर पाएंगे।

