सांदीपनि विद्यालय अमरपुर का मामला
आरोपी शिक्षक पर मामला दर्ज, किया गया निलंबित
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, सांदीपनी विद्यालय अमरपुर के प्राइमरी टीचर पर छात्राओं से आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगे है। सोमवार को छात्राओं ने मोबाइल मैसेज दिखाकर मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्यवाही की मांग की। बताया जाता है कि छात्राओं ने मामले की शिकायत स्कूल में की मामले की गंभीरता को देखते हुए एक महिला शिक्षक और उप सरपंच के साथ पीड़ित छात्राओं को पुलिस अधीक्षक के सामने शिकायत के साथ भेजा गया।
छात्राओं ने थाने में वॉट्सऐप मैसेज बतौर सबूत पेश किए। छात्राओं की शिकायत के आधार पर आरोपी बताए जा रहे शिक्षक प्रशांत साहू पर पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्राओं की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को स्कूल की छात्राएं उपसरपंच और एक महिला शिक्षिका के साथ पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह के पास पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक प्रशांत साहू उन्हें वॉट्सऐप पर उन्हें आपत्तिजनक मैसेज और अश्लील बातें लिखता है। शिक्षक द्वारा छात्राओं को भेजे गए संदेश आपत्तिजनक है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने टीचर प्रशांत साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 78, 79 और पॉक्सो एक्ट की धारा 11, 12 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण की जानकारी जनजातीय कार्य विभाग को भेजी जिस पर सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव ने तत्काल कार्यवाही कार्य हुए आरोपी शिक्षक प्रशांत साहू को निलंबित कर दिया है साथ ही विभाग ने स्वतंत्र जांच के लिए एक प्राचार्य को भी नियुक्त किया है।
मुश्किल में है शिक्षा विभाग
शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और मनमाना रवैया वैसे तो हमेशा से चर्चाओं में रहा है किंतु पिछले कई दिनों से विभाग की चौंकाने वाले गतिविधियां सामने आ रही है। छात्रावासों में बिना टेंडर के बिस्तरों की आपूर्ति का मामला उजागर होने के बाद, शहपुरा विधायक द्वारा क्रीड़ा परिसर की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वहां के हाल उजागर कर दिए, इसके बाद सोमवार को सहायक आयुक्त को निरीक्षण में माध्यमिक विधायक सरई में कई शिक्षक गायब मिले साथ ही अमरपुर सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ स्कूल की छात्राओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने की शर्मनाक घटना सामने आई है। इन मामलों के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की लचर व्यवस्थाओं और मनमानी कार्यप्रणाली की पोल खुलती जा रही है। प्रदेश सरकार सांदीपनि विद्यालय को शिक्षा का सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने के लिए संकल्पित है और वहां के शिक्षक गुरु शिष्य के रिश्तों को तारतार कर रहे है।

