जंगली जानवरों के शिकार के आरोप में तीन गिरफ्तार, कटा सिर सहित सामग्री जप्त

शाहपुर रेंज के कुदवारी का मामला

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, वन परिक्षेत्र शाहपुर अंर्तगत कक्ष क्रमांक 124 कुदवारी में संरक्षित वन्य जीवों का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को वन अमले ने सोमवार को गिरफ्तार किया है।रेंजर सुदीप मिश्रा ने बतलाया कि रविवार की रात लगभग 2.00 बजे बीट गुदवारी कक्ष क्रमांक 124 में जंगली सुअर एवं बार्किंग डियर (घुटरी) का करंट लगाकर शिकार करने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। जिसके मद्देनजर क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही थी। इस दौरान वन अमले को दुहनिया ग्राम में एक व्यक्ति थैले में मांस ले जाते मिला, तलाशी और पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपने दो साथियों के साथ वन्य जीवों के शिकार की जानकारी दी।

जिसके मद्देनजर वन कर्मियों ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा के तहत प्रकरण दर्ज करते हुये तीनो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। आरोपियों के नाम भान सिंह पिता रूप सिंह उम्र 25 वर्ष ग्राम ग्वारा दुहनिया, सिकन्दर मार्को पिता रनमत सिंह मार्को उम्र 22 वर्ष ग्राम ग्वारा दुहनिया थाना शाहपुर और संजय कुमार पिता नारायण सिंह 32 वर्ष ग्राम ग्वारा दुहनिया थाना शाहपुर बतलाये गये हैं। आरोपियों के कब्जे से जंगली सुअर और घुटरी का कटा हुआ सिर, मांस, लोहे का फंदा, कुल्हाड़ी सहित शिकार में प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई है।कार्रवाई में सुदीप मिश्रा परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर, धनवीर सिंह मरावी उप वन क्षेत्रपाल, बृज किशोर मरावी वनपाल, अजेश्वर मरावी वनरक्षक, कुलदीप मरावी वन रक्षक,अनीशा मरकाम वन रक्षक, ममता परस्ते, अलोक धूमकेती, पंकज धुर्वे, महादेव कुशराम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!