आक्रोशित सिंधी समाज ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, जोहार छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेलद्वारा सिंधी समाज के इष्ट भगवान श्री झूलेलाल जी पर की गई अपमानजनक टिप्पणी किए जाने पर अमित बघेल के खिलाफ विधि सम्मत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किए जाने एवं उनकी गिरफ्तारी किये जाने की मांग करते हुए सिंधी समाज ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर, डिंडोरी को ज्ञापन सौंपा गया।
सिंधी समाज द्वारा प्रेषित ज्ञापन में लिखा गया है कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के अराध्य देव भगवान झूलेलाल जी पर अपमानजनक टिप्पणी करते हुए सिंधी समाज को पाकिस्तानी कहकर सम्बोधित किया है। उक्त आपत्तिजनक टिप्पणी, आपत्तिजनक बीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सामाजिक बंधुओं ने देखा, सुना जो आपत्तिजनक है, जिसमे सिंधी समाज की धार्मिक आस्था को गम्भीर ठेस पहुंची है, जिससे भारत देश के समस्त सिंधी नागरिक आहत हुए हैं और सिंधी समाज में आक्रोश व्याप्त है।

अमित बघेल द्वारा बेवजह ही हल्की ख्याति प्राप्त करने की दुर्भावना से प्रेरित होकर ऐसी अस्वीकार्य व अत्यंत निंदनीय टिप्पणी की गई है, जिससे सिंधी समाज के इष्ट अराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल के प्रति आस्था एवं उनके अनुयायियों को गहरी चोट पहुंची है। इसके अलावा वायरल वीडियो में राष्ट्रभक्ति के पर्याय सिंधी समाज को पाकिस्तानी की संज्ञा देकर सिंधी समुदाय की भारतीयता और कट्टर राष्ट्रप्रेम की भावनाओं पर अत्यंत असहज, अस्वीकार्य, पीड़ादावी आघात पहुँचाया गया है। अमित बघेल द्वारा जानबूझ कर गलत इरादे से सस्ती लोकप्रियता की लालसा से इतनी भन्दी अपमानजनक अशोभनीय टिप्पणी आम जनमानस के मध्य कर इंटरनेट के माध्यम से सोशल मीडिया में वायरल किया गया है, जिससे उसकी समुदाय विशेष के प्रति दुर्भावना व बेहद हल्की मानसिकता स्पष्ट दिखाई देती है।
सिंधी समुदाय में प्रारम्भ से ही शासन-प्रशासन सहित संविधान और कानून पर पूर्ण विश्वास और अनंत सहजता रही है, किन्तु इस व्यक्ति के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही न होने से सिंधी समुदाय खुद को असहाय महसूस कर उग्र आंदोलन की दिशा में बढ़ते को विवश हो रहा है।

पूज्य सिंधी पंचायत डिंडौरी, जिला-डिंडौरी (म.प्र.) सविनय आग्रह करती है कि, जोहार छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही कर प्रकरण कायम कर तत्कालः इनकी गिरफ्तारी की जावे।


