प्रभारी मंत्री को सौंपा मांग पत्र

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जनपद पंचायत डिंडौरी में पदस्त सीईओ के पास अन्य दो जनपद पंचायतों का प्रभार होने से उनके द्वारा डिंडोरी जनपद पंचायत को पूरा समय नहीं दिए जाने से सरकार की योजनाएं और विकास कार्य प्रभावित हो रहे है। ग्रामीणजन, सरपंच और सचिव पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बार बार अधिकारी की तलाश में भटकने को मजबूर हो रहे है तब भी समय पर कार्य नहीं होने से सम्पूर्ण जनपद की ग्राम पंचायत प्रभावित है। इस समस्या को लेकर डिंडोरी जनपद सदस्य संतोष चंदेल ने जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा बागरी से मांग की है कि डिंडोरी जनपद पंचायत हेतु पूर्णकालिक सीईओ की व्यवस्था की जावे।
जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल (क्षेत्र क्रमांक 17) ने जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी को पत्र लिखकर जनहित में मांग रखी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद पंचायत मेहंदवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को अतिरिक्त रूप से जनपद पंचायत डिंडौरी एवं जनपद पंचायत शहपुरा (वित्तीय प्रभार) का दायित्व सौंपा गया है। जिससे जनपद के कार्य प्रभावित हो रही है।
चंदेल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि एक ही अधिकारी के पास तीन जनपदों का कार्यभार होने से डिंडौरी जनपद में विकास कार्य लगभग ठप्प पड़ गए हैं। दैनिक रूप से ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अपने पंचायत संबंधी कार्यों को लेकर जनपद कार्यालय पहुँचते हैं, लेकिन सीईओ की अनुपस्थिति के कारण निराश होकर लौटना पड़ता है। कई महीनों से जनपद सदस्यों की भी सीईओ से मुलाकात नहीं हो पा रही है, जिसके चलते प्रस्तावों की स्वीकृति, भुगतान और पंचायत गतिविधियाँ प्रभावित हैं।
और जनता में पंचायतों को लेकर असंतोष की स्थिति बन रही है। विकास योजनाएँ कागजों तक सीमित रह गई हैं जनहित कार्यों की गति धीमी पड़ गई है।
जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल ने जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी से मांग की है कि शीघ्र ही जनपद पंचायत डिंडौरी में एक स्थायी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की जाए, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में गति आ सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह कदम जनहित में अत्यंत आवश्यक है और इससे जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार होगा।

