शहपुरा: दिनदहाड़े निवास तिराहे से 23 वर्षीय युवती का अपहृत, शोर मचाने पर चलती बाईक से फेंका

स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त

शहपुरा पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, देर रात सूत्रों से प्राप्त खबर के अनुसार शहपुरा के मुख्यमार्ग से शाम को पांच बजे दो बाईक सवारों ने एक 23 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया, युवती द्वारा अपने बचाव में शोर मचाने पर युवकों ने उसे चलती गाड़ी से फेक दिया जिससे उसे चोटें आई है किंतु वह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बच गई। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है।

मिल रही जानकारी के अनुसार शाम करीब पांच बजे शहपुरा के अमरकंटक जबलपुर मुख्यमार्ग के निवास तिराहा के पास घर जाने के इंतजार में बैठी एक लड़की को दो युवक मोटरसाइकिल में जबरन बैठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि जब आरोपी निवास मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो लड़की ने अपने बचाव के लिए जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। आसपास कुछ लोगों के होने से आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से युवती को चलती बाइक से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई, मौके पर मौजूद लोगों ने लड़की को तत्काल उठाया और घर पहुंचने में सहायता की।

घायल युवती ने शुक्रवार को परिजनों के साथ शहपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है, शहपुरा पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। शांतिप्रिय जिले में अब लड़कियों की सुरक्षा खतरे में है, अपराधी पुलिस से बेखौफ है। मुख्यमार्ग से शाम 5 बजे किसी लड़की के अपहरण का प्रयास किया जाना शहपुरा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। उक्त मामले को लेकर पुलिस कितनी गंभीर है, अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी शाहपुरा पुलिस की कार्यक्षमता को उजागर करेगी। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस कप्तान से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था नदारत

शहर के मुख्यमार्ग से शाम को 5 बजे अपहरण का प्रयास किया जाना नगर में पुलिस की उपस्थिति पर सवाल खड़े करता है। निवास तिराहा व्यस्तम शहपुरा के बस स्टैंड और पुलिस थाने के करीब ही स्थित है। यदि आसपास भी पुलिस अमले की तैनाती होती तो इस तरह का प्रयास अपराधी नहीं कर पाते। पर शायद नगर में न तो पुलिस दिखाई देती है न कोई सुरक्षा व्यवस्था जिसके चलते अपराधियों में पुलिस का खौफ तक नहीं है और वे गंभीर अपराध करने का हौसला दिखा रहे है। इस तरह की घटना पुलिस के लिए चिंता का विषय है जिस पर आला अधिकारियों को तत्काल ठोस निर्णय लेना होगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!