जनपद पंचायत अमरपुर के सचिवों पर कार्यवाही
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही और धीमी प्रगति पर जिला पंचायत डिंडौरी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत अमरपुर के दो ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दिनों, 17 अक्टूबर 2025 को जनपद पंचायत अमरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि ग्राम पंचायत गिठौरी में आवास प्लस योजना के तहत स्वीकृत 21 आवासों में से केवल दो आवास ही पूर्ण हुए हैं। ग्राम पंचायत निधौरी में स्वीकृत 33 आवासों में से मात्र पांच आवास पूरे किए गए हैं।
समीक्षा के बाद जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा ग्राम पंचायत गिठौरी के सचिव धरमसिंह सैयाम और ग्राम पंचायत निधौरी के सचिव धरमसिंह परस्ते को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया था। दोनों का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दोनों ग्राम सचिवों को पद दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने का दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की। इन सचिवों का कृत्य मध्यप्रदेश पंचायत सेवा नियम 2011 के नियम 7 (अनुशासन एवं नियंत्रण) के उल्लंघन की श्रेणी में पाया गया।निलंबन अवधि में दोनों सचिवों को शासन के नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा तथा उनका मुख्यालय जनपद पंचायत अमरपुर रहेगा।

