पेयजल संकट से परेशान धवाडोंगरी के ग्रामीणों ने हाइवे किया जाम

9 माह से जल संकट झेल रहे ग्रामीण

बैगांचल डिंडौरी ,गोरखपुर, आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी में पानी की समस्या को लेकर चक्का जाम करना आम हो गया है। इसी क्रम में पिछले लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे जनपद करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत धवाडोंगरी के ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग पर कनकधारा के पास चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे हैं ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में पिछले 9 महीने से नल जल योजना से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीण कुआं सहित अन्य स्रोतों के दूषित पानी का उपयोग करने मजबूर हैं। गांव में किए गए बोर भी फेल हो चुके है। इस संबंध में जिम्मेदारों को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके किसी भी स्तर पर कोई पहल नहीं हो सकी है। समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार की सुबह लगभग 9 बजे के आसपास सड़क में उतर आए और चक्का जाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक जाम के घंटों बाद जिम्मेदार मौके पर पहुंचे। इस बीच हाइवे जाम होने से सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहनों के पहिए थम गए।

अधिकारियों की समझाइश के बाद माने ग्रामीण, जाम खुला

डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग पर चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी गाड़ासरई, पीएचई विभाग के इंजीनियर अंशुल बिसेन, नायब तहसीलदार करंजिया शैलेश गौर राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इंजीनियर सहित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को बंद पड़ी नल जल योजना को शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। तत्काल बोरिंग मशीन बुलवाई गई और नल जल के बंद पड़े बोर की साफ सफाई करने की पहल शुरू की गई। उसके बाद ग्रामीण माने और सुबह 9 बजे से लगा जाम 10:30 बजे के आसपास समाप्त हो हुआ। इसके बाद ही इस मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!