व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने काटी गई सैलरी का भुगतान करने कलेक्टर को सौंपा आवेदन

नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ ने शिक्षा अधिकारी को भी दिया ज्ञापन

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, वीटी मैन पावर एप में आई तकनीकी खामियों के चलते सितंबर माह की सैलरी में की गई कटौती के विरोध में नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ के बैनर तले प्रशिक्षकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। आवेदन में प्रशिक्षकों ने उल्लेख किया कि सितंबर 2025 से लागू किए गए वीटीएस मैनपावर एप में कई तकनीकी समस्याएं है। जिसके कारण पूरे माह में कई दिनों तक उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी। इस संबंध में समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई थी। बावजूद इसके माह के अंत में जब संस्था प्राचार्य द्वारा भौतिक उपस्थिति पंजी को सत्यापित कर विमर्श पोर्टल पर सही उपस्थिति दर्ज कराई गई, तब भी सैलरी में कटौती कर दी गई। प्रशिक्षकों का कहना है कि यह त्रुटि उनकी नहीं, बल्कि एप की तकनीकी समस्या के कारण हुई है। दीपावली के इस अवसर पर जहां अन्य शासकीय कर्मचारियों को बोनस दिया जा रहा है, वहीं प्रशिक्षकों की सैलरी काटना अनुचित है।

महासंघ ने प्रशासन से मांग की है कि सितंबर माह की सैलरी पूर्वानुसार विमर्श पोर्टल से जारी की जाए और भविष्य में ऐसी तकनीकी समस्याओं से प्रशिक्षकों की सैलरी प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि सभी प्रशिक्षक अपने परिवार के साथ खुशहाल दीपावली मना सकें।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकतर व्यावसायिक प्रशिक्षकों का सितंबर माह का वेतन पोर्टल की गड़बड़ी के चलते काटा गया है जिसको लेकर सीमित वेतन पर कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षक आर्थिक संकट का सामना कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!