बजाग की 26 ग्राम पंचायतों में, सोलर लाइट खरीदी में घोटाला

बजाग की 25 ग्राम पंचायतों में सोलर लाइट्स खरीदी मामले की जांच क्यों नहीं ??

बजाग माल द्वारा किए गए भुगतान पर सवाल

भ्रष्टाचार के प्रकाश में डूबी बजाग की ग्राम पंचायतें

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, 27 सितंबर 2025, जिले की करीब 52 ग्राम पंचायतों में लगभग 2 करोड़ रुपए का भुगतान सोलर लाइट्स खरीदी के नाम पर किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में सबसे अधिक बजाग जनपद पंचायत की ग्राम पंचायतों द्वारा सोलर लाइट का भुगतान जबलपुर की वंश सोलर एनर्जी को किए जाने का खुलासा हुआ है।

बजाग की 26 पंचायतों में सोलर लाइट का उजाला :

बजाग जनपद की 26 ग्राम पंचायतों में सोलर लाइट खरीदी गई। 52 में से 26 पंचायतें बजाग जनपद की है बाकी की 26 समनापुर, करंजिया, डिंडोरी और मेहंदवानी जनपद की है। उक्त मामले में सोलर लाइट खरीदने पर शासकीय विभागों पर प्रतिबंध लगाए जाने की भी चर्चा है। बताया जाता है कि जल्दी खराब हो जाने से इनको अनुपयोगी मानकर इसकी खरीदी पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद बजाग जनपद पंचायत की 26 ग्राम पंचायतों द्वारा लगभग 11600 रुपए की दर से, बिना टेंडर के, स्थानीय बाजार से बिना किसी कोटेशन के मनमानी दर पर ये लाइट्स लगवाई गई और लाखों रुपए का भुगतान भी बिना किसी तकनीकी परीक्षण और सत्यापन के कर दिया गया। आज की स्थिति में पंचायतों द्वारा खरीदी गई आधी से ज्यादा लाइटें बंद पड़ी है जिस पर सप्लायर द्वारा किसी भी तरह की गारंटी/ वारंटी की सुविधा नहीं दी गई। अधिकांश सरपंच, सचिवों को इन लाइट्स का बाजार भाव मालूम है न ही इन्हें इनकी तकनीकी जानकारी है किंतु मोटे कमीशन के चलते इनके द्वारा लाखों रुपए की अनुपयोगी स्ट्रीट लाइट जबलपुर की एक फर्म से खरीद ली गई और बिना जांच पड़ताल के भुगतान भी कर दिया गया। हमारे द्वारा ग्राम पंचायतों से इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया किंतु कोई भी सरपंच, सचिव इनके संबंध में जानकारी नहीं दे पाया और इसकी जिम्मेदारी एक दूसरे पर डालते रहे।

इसी तरह के एक मामले में बजाग जनपद पंचायत की एक ग्राम पंचायत की जांच करवाई गई जिसमें गड़बड़ियां और वित्तीय अनियमितता पाई गई। जनपद द्वारा जांच रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया गया किंतु यह जानकारी सामने आई कि
बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत माखियाखार में सोलर लाइट खरीदी में गड़बड़ी पाए जाने के मामले में जनपद पंचायत बजाग द्वारा सरपंच और सचिव के विरुद्ध कार्यवाही हेतु जिला पंचायत को जांच रिपोर्ट सहित जानकारी प्रस्तुत गई है। उक्त मामले में जनपद द्वारा जांच टीम से जांच करवाए जाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ था जिस पर कार्यवाही हेतु पत्र जिला पंचायत को प्रेषित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा सोलर लाइट के किए गए भुगतान की राशि की रिकवरी हेतु कार्यवाही प्रस्तावित की गई है जिस पर जिला पंचायत द्वारा आदेश किया जाना है।

बाकी की पंचायतों की जांच क्यों नहीं हुई ?

यहाँ सवाल यह उठता है कि जब एक पंचायत की जांच में अनियमितता पाई गई तो इसी तरह के मामले में शामिल अन्य ग्राम पंचायतों के विरुद्ध जांच जनपद द्वारा क्यों नहीं कराई जा रही है। उन पंचायतों की जांच और उन पर कार्यवाही कब होगी यह सवाल सभी के मन में है कि जनपद पंचायत द्वारा बाकी की पंचायतों को बचाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है। जबकि इन सभी पंचायतों में एक ही फर्म से एक ही दर पर एक सी प्रक्रिया से सोलर लाइट खरीदी गई है

बजाग माल द्वारा किए गए भुगतान पर सवाल ??

यह पूरा मामला लगभग महीने भर पहले सामने आया था और इसको लेकर मीडिया में खबरें चल रही थी जिससे जनपद पंचायत द्वारा माझीयाखार ग्राम पंचायत की जांच शुरू कर दी गई थी। इस सब शोर शराबे के बाद भी इसी जनपद की ग्राम पंचायत बजाग माल जो कि जनपद मुख्यालय की ग्राम पंचायत है उसके द्वारा इसी फर्म को 10 सितंबर 2025 को 1,74,000 का भुगतान कर दिया गया। जबकि इस मामले को लेकर महीनों से शोर शराबा मच रहा था तब भी ग्राम पंचायत द्वारा सोलर लाइट्स का भुगतान किया जाना सवाल खड़ा करता है। सूत्र बताते है कि अभी भी कई पंचायतों में उक्त फर्म के लोग भुगतान करवाने के लिए प्रयासरत है जिन पर तत्काल रोक लगाई जाना चाहिए़।

बजाग की ग्राम पंचायतों द्वारा सोलर लाइट के किए भुगतान

बजाग की ग्राम पंचायतों द्वारा सोलर लाइट के किए भुगतान :

बजाग जनपद की ग्राम पंचायतों द्वारा सोलर लाइट्स के एवज में वंश सोलर एनर्जी, जबलपुर को किए गए भुगतानों का विवरण इस प्रकार है :
ग्राम पंचायत बरसोद 5,21,999 रु, लालपुर 5,61,000 रु, घोपतपुर 696000 रु, उफरी 348000 रु, ख़म्हेरा 580000 रु, सरवाही 463999 रु., धनौली 522000₹, चाँडा वन ग्राम 1103000 , पिंडरूखी 524000, सिंगारसत्ती 360000 ₹, भानपुर 279000₹, बजाग रैयत 524000 ₹, खरगहना 348000₹, बिजौरी 522000₹, सुनपुरी 348000₹, बोन्दर 348000₹, कारोपानी 198000₹, गिरबरपुर 290000₹, थाड़पत्थरा 927989₹, सुनियामार 186000₹, पड़रिया डोंगरी 232000₹, गीघा 164000₹, बिलाईखार 293000₹, बजाग माल 6,98,000₹, माझियाखार 789000 ₹.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!