सिंचाई परियोजना, राजमार्ग निर्माण और स्कूल और शासकीय भवनों की समीक्षा की
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, 24 सितंबर, 2025, कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत, सभी जनपद पंचायत अध्यक्ष जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी सीईओ जिला पंचायत श्री जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के मध्यम, लघु बहुउद्देशीय परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण अंतर्गत नर्मदा अपर परियोजना अनुबंध विवरण, राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना और बसनिया बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद श्री कुलस्ते ने निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं से किसानों तक शीघ्र लाभ पहुंचे। जल संसाधन विभाग की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का आकलन किया गया। सांसद ने कहा कि बांधों का पानी नहरों के माध्यम से समय पर किसानों के खेतों तक पहुंचे, इसे प्राथमिकता पर रखा जाए। साथ ही मध्य एवं लघु परियोजनाओं के कार्य अपूर्ण छोड़ने वाले ठेकेदारों पर रिकवरी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग और पुल निर्माण की गुणवत्ता पर जोर
लोक निर्माण विभाग की प्रस्तुतियों की समीक्षा के दौरान सांसद श्री कुलस्ते ने डिंडौरी से शहपुरा तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने नर्मदा नदी और सिलगी नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ पुल निर्माण भी समय पर पूरा हो, ताकि आवागमन बाधित न हो। सांसद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमानुसार गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
विद्यालय एवं शासकीय भवन निर्माण की समीक्षा
बैठक में सांदीपनी विद्यालय भवनों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। सांसद ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही विद्यालय भवनों तक पहुंच मार्ग का निर्माण भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे आवागमन में कठिनाई न हो।
इसी प्रकार सभी शासकीय भवनों सहित आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयसीमा और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। निर्माण एजेंसियों से प्रगति एवं गुणवत्ता रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
सख्त निर्देश और जवाबदेही
बैठक के दौरान सांसद श्री कुलस्ते ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में ढिलाई या लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


