बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, 19 सितंबर 2025, प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के बहोरीबंद में राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह बलिदान दिवस और रानी अवंती बाई लोधी शौर्य पखवाड़ा कार्यक्रम में गुरुवार को पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी विधायक और भाजपा नेता संजय पाठक द्वारा आदिवासियों की जमीनें हड़पे जाने के मामले पर बोलते हुए कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो वे आदिवासियों से भाजपा शासनकाल में छीनी गई सभी जमीनें उन्हें वापस दिलाएंगे। इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने डिंडोरी जिले में आदिवासियों की 1100 एकड़ जमीनें खनिज माफिया और भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा हड़पे जाने पर सरकार और प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाया।

गौरतलब है कि जिले की डिंडोरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बजाग क्षेत्र में खनिज माफियाओं द्वारा बड़ी मात्रा में बैगा आदिवासियों की जमीनें कुछ कथित आदिवासियों के नाम पर कौड़ियों के भाव में खरीद ली है। जिस पर ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतों और राजनैतिक दलों द्वारा विरोध किए जाने के बाद पिछले 6 महीनों में जिला प्रशासन द्वारा कथित खनिज माफियाओं से वापस जमीनें बैगा आदिवासियों को दिलाए जाने की दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की है। जबकि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा जिला प्रशासन को दो बार नोटिस भेजकर की गई कार्यवाही की जानकारी मांगी गई है। बताया जाता है कि प्रशासन द्वारा जिले में जिन बाहरी लोगों द्वारा आदिवासियों की जमीनें खरीदी गई है उन्हें कई महीनों से नोटिस भेजा जा रहा है और कटनी तहसीलदार को भी इन लोगों की जानकारी उपलब्ध कराए जाने हेतु पत्र लिखा गया था जिसका कोई जवाब नहीं मिला है। ग्रामीणों द्वारा जिन दलालों पर धोखाधड़ी कर जमीन की बिक्री करवाए जाने के आरोप लगाए गए थे उन पर भी कोई खास कार्यवाही नहीं हुई है। आदिवासियों की शिकायतों की कोई जांच अथवा विवेचना भी नहीं की गई है।
मामले में भाजपा कांग्रेस के आदिवासी नेताओं की चुप्पी
इस पूरे गोलमाल और मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक और सांसदों की चुप्पी भी बड़ा सवाल है। जबकि जिले के सभी महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधि आदिवासी समाज के ही है। कांग्रेस पार्टी के नेता इस पूरे मामले को कई बार उठा चुके है पर स्थानीय कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम भी इस मुद्दे को लेकर अभी तक मुखर नहीं दिखाई दिए न ही उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर जिले में कभी कोई शिकायत, ज्ञापन अथवा विरोध प्रदर्शन किया। जबकि यह पूरा घटनाक्रम डिंडोरी विधानसभा क्षेत्र का है जहां से वे लगातार चार बार से विधायक है। जिन आदिवासियों की जमीनें खनिज माफियाओं द्वारा हड़पी गई है वे कांग्रेस पार्टी के इस मुद्दे पर लगातार विरोध और स्थानीय विधायक की पूरी तरह से चुप्पी को लेकर असमंजस में है। पिछले कुछ ही दिनों पहले कांग्रेस के बड़े आदिवासी चेहरे के तौर पर जाने वाले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार भी जिले के प्रवास पर आए पर उन्होंने भी इस बड़े मामले पर कोई बयान नहीं दिया। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, कटनी के कांग्रेस नेता अंशु मिश्रा खनिज माफिया संजय पाठक के कारनामों को लेकर लगातार शिकायतें कर रहे है जांच और कार्यवाही के लिए प्रयास कर रहे है। पिछले दिनों उन्होंने कटनी प्रवास पर आए मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी शिकायत करने की कोशिश की जिसके चलते उन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था। किंतु आदिवासियों की जमीनें गलत तरीके से खनिज माफियाओं द्वारा हड़प लिए जाने के इस बड़े मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के आदिवासी नेताओं की चुप्पी बेहद संदिग्ध प्रतीत होती है।

