1 कार, 1 बाइक और 2 मोबाइल फोन भी जप्त किए
बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, 13 सितंबर 2025, कोतवाली पुलिस ने 13 सितम्बर 2025 की रात मुखबिर की सूचना के आधार पर डिंडोरी जबलपुर मुख्यमार्ग पर रोड किनारे मिडवे ट्रीट के पास लिप्टिस प्लांट की आड़ में खड़ी एक मारूति ओमनी कार एवं एक बाइक की तलाशी ले कर अवैध 15 पेटी अवैध शराब जप्त की।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार मारूति ओमनी कार के अंदर चार लोग बैठे दिखायी दिये जिनसे उनका नाम पता पूछने पर प्रेमसागर झारिया पिता स्वारथ लाल झारिया उम्र 24 साल निवासी ग्राम बरबसपुर थाना शाहपुर, वीरेंद झारिया पिता स्व० रामरतन झारिया उम्र 25 साल निवासी ग्राम सूरजपुरा थाना शाहपुर, आशीषनाथ ऊर्फ मोनू जोगी पिता द्वारकानाथ जोगी उम्र 39 साल निवासी ग्राम गांगपुर थाना डिण्डौरी, नरेंद्र ऊर्फ गोलूनाथ जोगी पिता द्वारकानाथ जोगी उम्र 35 साल निवासी ग्राम गांगपुर थाना डिण्डौरी बताया गया। वाहन की तलाशी ली गयी जो कोई संदेहास्पद वस्तु / शराब वगैरह मारूति ओमनी वाहन क्रमांक एमपी 52 बीए 0447 एवं एक बाइक जिसमे सामने नंबर प्लेट नहीं है एवं पीछे नंबर प्लेट मे अधूरा रजि० क्रमांक एमपी 8 पी 93 अंकित था की तलाशी ली गई, जो संदेहियो के कब्जे से मारूति ओमनी वाहन के बीच की सीट एवं गाडी के पीछे के हिस्से मे कुल 13 खाकी रंग के कार्टून मे अंग्रेजी शराब एवं बाइक में थैलेके अंदर अंग्रेजी शराब रखी हुयी पायी गयी। उक्त शराब रखने के संबंध में संदेहियो से वैध दस्तावेज चाहने बाबत धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया गया जो शराब रखने, बेचने एवं लाने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नही होना बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरामद शराब एमडी रम के 94 पाव, जीनियस रम के 619 पाव प्कुल अंग्रेजी शराब 128.340 लीटर कुल कीमती करीब 1,11,650 रूपये की होना पाया गया। आरोपीगण द्वारा अपराध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।
4 लाख रुपए से अधिक का
मशरूका जप्त किया गया

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 पेटी अंग्रेजी शराब जिसमे 02 पेटी मे एमडी रम, 13 पेटी मे जीनियम रम, एक मारूति ओमनी कार क्रमांक एमपी 52 बीए 0447 कीमती करीब 3 लाख रूपये, एक नग हीरो एचएफ डीलक्स बाइक कीमत करीब 60 हजार रूपये, आरोपी वीरेंद्र झारिया के कब्जे से एक ओप्पो कंपनी का मोबाईल कीमती करीब 15 हजार रूपये, आरोपी प्रेमसागर झारिया के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाईल कीमती करीब 10 हजार रूपये का कुल जुमला मशरूका 4,96,650 रूपये का जप्त किया गया। आरोपीयों के विरुद्ध जुर्म अजमानतीय होने एवं 7 वर्ष से अधिक सजा का प्रावधान होने से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिले में नहीं रुक रहा अवैध शराब का कारोबार
लंबे समय से जिला मुख्यालय में प्रदेश शासन द्वारा शराब की बिक्री प्रतिबंधित है। तब भी जिला मुख्यालय में शराब की आपूर्ति अवैध रूप से लगातार हो रही है। यहां तक कि शहर में शराब की होम डिलेवरी चालू है। सूत्रों की माने तो तमाम ठिकानों पर अवैध शराब उपलब्ध है। जिसमें कुछ को तो जिले के शराब ठेकेदार के गुर्गों द्वारा संचालित किए जाने के भी आरोप लगाए जाते है, जिनके विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने की भी चर्चा आम है और इन्हीं के द्वारा सबसे अधिक अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है, न सिर्फ जिला मुख्यालय बल्कि जिले के गांव गांव में शराब ठेकेदार द्वारा अवैध कारोबार किए जाने की चर्चा है जिले रोकने में पुलिस की भी कम रुचि बताई जाती है। वहीं अवैध शराब का कारोबार करने वाले कूचियों द्वारा अधिक कमीशन के चलते बड़ी मात्रा में अन्य जिलों से शराब लाई जाती है जिस पर पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही किए जाने की चर्चा है।
अवैध कारोबार के मगरमच्छों पर पुलिस कार्यवाही कब होगी ?
जिले में चल रहे अवैध शराब के कारोबार में सारी शराब शासकीय शराब ठेकेदारों के द्वारा ही प्रदान की जा रही है। वो चाहे जिले की शराब दुकानों से की रही हो या दूसरे जिलों की शराब दुकानों से। अब तक सैकड़ों बार जिले की पुलिस द्वारा अवैध शराब पकड़ी गई है किंतु आज तक किसी भी उस शराब ठेकेदार को आरोपी नहीं बनाया गया जिसके द्वारा अवैध रूप से थोक में शराब इन छोटे छोटे अवैध कारोबारियों को दी जाती है।
उक्त मामले में पुलिस द्वारा पकड़ी गई 15 पेटी शराब जिस ठेकेदार की है। पुलिस द्वारा शराब की पेटियों पर अंकित बैच नंबर और आरोपियों के बयान के आधार पर उस ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही की जानी चाहिए। जब तक पुलिस अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा देने वाले इन शराब के शासकीय ठेकेदार रूपी मगरमच्छों की बचाती रहेगी तब तक जिले में अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं होगा। अब देखना है पुलिस अवैध कारोबार करने वाले मगरमच्छों पर कार्यवाही करती है या सिर्फ छोटी छोटी मछलियों का ही शिकार करती रहेगी।
