मांगों को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा गया ज्ञापन

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी। 30 अप्रैल 2026 के राजपत्रअंतर्गत उच्च कुशल श्रेणी के व्यावसायिक प्रशिक्षकों, शिक्षकों हेतु वेतनमान एवं अन्य सुविधाओं के निर्धारण के संबंध में ज्ञापन नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ द्वारा बुधवार को कलेक्टर के नाम सौंपा गया है। ज्ञापन में लेख किया गया कि मध्यप्रदेश राजपत्र 30 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार विभिन्न कार्य श्रेणियों का वर्गीकरण किया गया है। उक्त राजपत्र की तालिका में सरल क्रमांक 89 पर व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक, शिक्षक को उच्च कुशल प्रवर्ग में सम्मिलित किया गया है। जिले के व्यावसायिक प्रशिक्षक विगत 10 वर्षों से शासकीय विद्यालयों में स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत कार्यरत है। परंतु इन्हें अब तक सम्मानजनक वेतन और सुविधाओं से वंचित रखा गया है।कार्य की जटिलता, शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी विशेषज्ञता को दृष्टिगत रखते हुए सम्मानजनक वेतनमान का निर्धारण करने की मांग की गई है। राजपत्र में उल्लेखित उच्च कुशल श्रेणी की योग्यता और कार्य की प्रकृति को देखते हुए, व्यावसायिक प्रशिक्षकों हेतु नवीन मासिक वेतनमान 38,000 हजार से 42,000 हजार के मध्य निर्धारित करते हुए मंहगाई दर के अनुसार प्रतिवर्ष कम से कम 5 प्रतिशत वेतनवृद्धि लागू की जावे। यह वेतनमान प्रशिक्षकों के आर्थिक उन्नयन और उनके कार्य के प्रति प्रोत्साहन हेतु आवश्यक है। राजपत्र की टीप में स्पष्ट किया गया है कि उच्च कुशल प्रवर्ग के कर्मचारियों को अतिउच्च कुशल प्रवर्ग में पदोन्नत किया जा सकेगा। तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण में निरंतर अपडेट रहने के लिए विशेष तकनीकी भत्ता प्रदान करने, ईपीएफ, ईएसआई और सवैतनिक अवकाश की पूर्ण सुविधा सुनिश्चित करने, तकनीकी प्रशिक्षण के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं के लिए व्यापक बीमा कवर प्रदान करने की मांग की गई है।राजपत्र की भावना के अनुरूप उक्त श्रेणी के लिए सम्मानजनक वेतनमान और कल्याणकारी नीतियों को अविलंब लागू करने हेतु उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

