1 लाख 38 हजार वाहन कर बकाया, परिवहन विभाग का नोटिस, 20 करोड़ कर बकाया

34 बस संचालकों पर 1 करोड़ रुपए से अधिक का कर बकाया

दलालों के हवाले चल रहा जिला RTO

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, डिण्डौरी द्वारा वाहन कर बकाया होने पर एक वाहन धारक को नोटिस जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक MP52P0115 के धारक समीर सागर यादव, निवासी धनुवासागर, जिला डिण्डौरी को मोटरयान कर के भुगतान एवं कर निर्धारण के संबंध में निर्देशित किया गया है। कार्यालयीन अभिलेखों के अनुसार उक्त वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र 14 जनवरी 2025 तक ही वैध था। वहीं कर शाखा के रिकॉर्ड में 31 मार्च 2026 तक वाहन पर कुल 1,38,720 रुपये का मोटरयान कर एवं शास्ति राशि जमा नहीं पाई गई है।

परिवहन विभाग द्वारा जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वाहन धारक द्वारा कर का भुगतान किया गया है या नहीं। इस स्थिति में मध्यप्रदेश कराधान अधिनियम 1991 की धारा 8 के अंतर्गत देय कर का निर्धारण किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जिला परिवहन अधिकारी ने संबंधित वाहन धारक को निर्देशित किया है कि वे नोटिस प्राप्ति के 7 दिवस के भीतर कर भुगतान से संबंधित दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। अन्यथा विभाग द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए कर निर्धारण की कार्यवाही की जाएगी।

वाहन संचालकों पर करोड़ो का कर बकाया

प्राप्त जानकारी के अनुसार डिंडोरी जिला परिवहन कार्यालय अंतर्गत लगभग 34 वाहनों पर करीब 1 करोड़ रुपए का कर बकाया है जिसकी वसूली हेतु जिला प्रशासन ने वाहन मालिकों को नोटिस जारी बकाया कर की वसूली की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। इन बकाया वाहन करो के अलावा पिछले दिनों चर्चा में रहा 9 करोड़ रुपए के बकाया कर का मामला अलग है।

दलालों के हवाले जिला परिवहन कार्यालय

जिला परिवहन कार्यालय प्रभारी परिवहन अधिकारियों के हवाले चल रहा है जहां प्रायः अन्य जिलों में पदस्थ परिवहन अधिकारियों को डिंडोरी जिले का प्रभार दिया जाता रहा है वही स्थिति अभी भी बनी हुई है। प्रभारी परिवहन अधिकारियों की गैर मौजूदगी और विभाग में स्थायी स्टॉप की कमी का पूरा फायदा दलालनुमा कुछ कथित कर्मचारियों द्वारा उठाया जाता रहा है। जैसा कि देखा जाता रहा है कि जिला परिवहन कार्यालय की लगाम लंबे समय से एक पूर्व आउटसोर्स कंपनी के कर्मचारी को अनधिकृत तौर पर सौंपकर रखी गई थी। ऐसे अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा जिले में परिवहन विभाग की गतिविधियों को लंबे समय से संचालित किया जाता रहा है। विभाग का जिम्मेदार व्यक्ति बनाकर विभाग इसे प्रशासनिक और महत्वपूर्ण बैठकों तक में नियम विरुद्ध भेजता रहा, जांच से लेकर हर मामले में ऐसे व्यक्ति की संलिप्तता देखी जाती रही। जिसको लेकर बैगांचल एक्प्रेस द्वारा लगातार मामला प्रशासन के संज्ञान में लाने का प्रयास किया जाता रहा किंतु समय रहते जिला प्रशासन कथित दलाल को लेकर चुप्पी साधे रहा वही परिवहन अधिकारी सप्ताह में एक दो दिन के लिए आकर कागजी खानापूर्ति करते रहे। इस दौरान वाहन कर करोड़ो रुपए बकाया होने के बाद भी कथित लोगों के संरक्षण में वाहन मालिक वाहनों का संचालन करते रहे और सरकार को करोड़ो रुपए का चूना लगाया गया। जिला परिवहन कार्यालय में विगत वर्षों में हुई गड़बड़ियों, घोटालों और लापरवाही की विस्तृत जांच में कई बड़े खुलासे और करोड़ो का भ्रष्टाचार उजागर होने की संभावना को लेकर जानकारों में चर्चा है। जिला परिवहन कार्यालय में वर्षों से जारी गड़बड़ियों और घोटालों को लेकर जिला प्रशासन कितना संजीदा है और क्या कार्यवाही होगी यह तो समय ही बताएगा फिलहाल परिवहन कार्यालय में चल रही घपलेबाजी की पोल खुलना शुरू हो गई है जिसकी गाज कई महत्वपूर्ण अधिकारी, कर्मचारी, वाहन मालिकों सहित कथित दलालों पर भी गिर सकती है।

ताज़ा अपडेट : 20 करोड़ रुपए का कर बकाया

प्रशासनिक सूत्रों से अभी अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिवहन कार्यालय से 94 बस संचालकों को टेक्स जमा करने का नोटिस जारी किया गया। जिसका अनुमानित कर वसूली लगभग 20 करोड़ से अधिक की जाएगी जिससे सरकारी खजाने में जमा होने से शासकीय विकास कार्यों में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!