जिला कलेक्टर ने किया करंजिया विकासखंड का दौरा

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, विकासखंड करंजिया अंतर्गत शनिवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज, शासकीय कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, एकलव्य आवासीय विद्यालय तथा गोरखपुर ग्राम में निर्माणाधीन समुदाय भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज करंजिया का अवलोकन किया। यह आईटीआई कॉलेज लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लगभग 13.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा डीपीआर के अनुसार गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस आईटीआई कॉलेज के माध्यम से क्षेत्र के युवा-युवतियों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय कन्या उत्कृष्ट छात्रावास करंजिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास तक मुख्य मार्ग से पहुंच मार्ग निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्रावास में निवासरत छात्राओं से संवाद कर उन्हें अध्ययन पर विशेष ध्यान देने हेतु प्रेरित किया तथा अधीक्षक को निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड करंजिया अंतर्गत संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी शिक्षक श्री कुलदीप कुमार ने बताया कि प्राचार्य अवकाश पर हैं, किंतु विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। कलेक्टर ने समर्थ शिक्षकों से परिचय प्राप्त करते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खेल मैदान में सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने बास्केटबॉल पोल लगाए जाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी 15 दिवस के भीतर पुनः विद्यालय का निरीक्षण किया जाएगा, तब तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं।

इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने गोरखपुर में निर्माणाधीन समुदाय भवन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव एवं आरईएस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही शेष निर्माण कार्य हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समुदाय भवन निर्माण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामबाबू देवांगन सीईओ जनपद पंचायत करंजिया अक्षय, सहायक आयुक्त राजेंद्र जाटव, जनसंपर्क अधिकारी सहित ससंबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

