सांदीपनि स्कूल प्रकरण में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

सांदीपनि स्कूल, अमरपुर की छात्राओं के साथ आपत्तिजनक चैट करने और मिलने का दबाव बनाने वाले शिक्षक के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में डिंडौरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 24/11/2025 को पीड़ित छात्राओं द्वारा थाना डिंडौरी में अपराध क्रमांक 385/25 पंजीबद्ध कराया गया था, जिसमें आरोपी शिक्षक प्रशांत साहू एवं स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध धारा 78(1), 78(2), 79 BNS तथा धारा 11(iv), 12 पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

घटना के विरोध में गुरुवार को अमरपुर के व्यापारियों ने बाजार बंद कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्रीमती वाहनी सिंह द्वारा अमरपुर चौकी प्रभारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्देश प्राप्त होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम एवं थाना प्रभारी समनापुर हरिशंकर तिवारी के मार्गदर्शन में अमरपुर पुलिस द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी एएसआई अतुल हरदहा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत् प्रयासों के आधार पर कम समय में आरोपी शिक्षक प्रशांत साहू को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई अतुल हरदहा, प्रधान आरक्षक हरे सिंह, आरक्षक भाव प्रकाश तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!