क्रीड़ा परिसर शहपुरा में मिली अव्यवस्थाए, स्थानीय विधायक का औचक निरीक्षण

विधायक को क्रीड़ा परिसर में मिली भारी अव्यवस्था, बालिकाओं को वितरित की चप्पलें

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडोरी, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बुधवार को 100 सीटर क्रीड़ा परिसर आश्रम शहपुरा का निरीक्षण किया, जहां गंभीर अव्यवस्थाएं पाई गईं। जबकि एक माह पूर्व अधिकारियों द्वारा उक्त संस्था का निरीक्षण किया गया था। जाहिर है कि उनके द्वारा खानापूर्ति कर रिपोर्ट भेज दी गई थी। विधायक ने बताया कि संस्थान में आज भी कोई सुधार नहीं हुआ है, जिला प्रशासन द्वारा निरीक्षणकर्ता अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्यवाही की जाना चाहिए ।

विधायक महोदय को संस्था के निरीक्षण के दौरान ठंड के मौसम में बालिकाओं के पास चप्पल तक न होने की स्थिति देखने में आई। जिस पर मंडल अध्यक्ष शहपुरा भजन चक्रवर्ती, वरिष्ठ नेता बाबा ठाकुर, महामंत्री राजेंद्र तिवारी और मंडल मंत्री किशन झारिया के सहयोग से क्रीड़ा परिसर आश्रम की बालिकाओं को 100 जोड़ी चप्पलें वितरित की गईं।

दुर्दशा का शिकार शिक्षण संस्थाएं

जिले में व्याप्त अव्यवस्थाएं और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार नियंत्रण के बाहर है। शैक्षणिक संस्थाओं और छात्रावासों में गड़बड़ियों पर नकेल न कसे जाने का खमियाजा बच्चों को झेलना पड़ रहा है। क्रीड़ा परिसर जहां बच्चों के पास अच्छी खासी किट और खेल सामग्री होनी चाहिए़ वहां की बच्चियां चप्पल तक को मोहताज है। शिक्षा विभाग के अधिकारी, विकासखंड स्तर के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सिर्फ कार्यालय में बैठकर कर रहे है और संस्थाओं में छात्रों के हित में आने वाली राशि में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है। इस कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगना तभी संभव है जब जिम्मेदार अधिकारी संस्थाओं का ईमानदारी से निरीक्षण करे, गड़बड़ियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। वरिष्ठ भाजपा नेता और शहपुरा विधायक ओम प्रकाश धुर्वे के क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही जांच के बाद भी पर्दा डालने की कोशिश अफसरशाही की मनमानी का खुला प्रमाण है जिस पर कठोर कार्यवाही की जनपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!