बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जनपद डिंडौरी अंतर्गत ग्राम धुर्रा लुटगांव में पदस्थ एसडीओ द्वारा जलाशय के मरम्मत कार्य में लापरवाही करने के संबंध में जनसुनवाई में शिकायत की गई। शिकायत में धुर्रा जलाशय अंतर्गत जल समिति के सदस्य जय कुमार हिरौंदे ने विभाग के एस डी ओ पर गंभीर आरोप लगाया, उनके अनुसार शासन द्वारा दी गई राशि से धुर्रा जलाशय में हर वर्ष साफ-सफाई और मरम्मत कार्य कराया जाता था। लेकिन जब से जल संसाधन विभाग में एसडीओ देशमुख आए हैं तब से आज तक नहर की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया गया है कि एसडीओ द्वारा राशि गबन कर अपने निजी स्वार्थ में खर्च की गई है।
शिकायत पत्र में लेख किया गया कि नहर में रखरखाव न होने के कारण कई वर्षों से कृषकों के खेतों में नहर क्षतिग्रस्त होने से सीपेज के कारण कृषकों को 15 से 20 लाख की क्षति का सामना करना पड़ता है। एसडीओ देशमुख के पदस्थ होने के बाद से शासन द्वारा दी गई राशि का साफ सफाई में उपयोग नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उन्हें अब तक बांध एवं नहर की मरम्मत और साफ सफाई के लिए शासन द्वारा जारी की गई राशि की जानकारी दिलाई जावे। आवेदक ने बतलाया कि कई बार जनपद की सामान्य सभा की बैठक में एसडीओ देशमुख से सम्पर्क करने पर वे हमेशा टाल मटोल करते रहे है। उनकी लापरवाही से किसानों को कई वर्ष से फसल नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कृषकों की दयनीय स्थिति को देखते हुए एवं गंभीरता से लेते हुए एसडीओ पर कड़ी कार्यवाही की जाये। जलाशय की मरम्मत और साफ सफाई हेतु आबंटित राशि और कार्यों की जांच करवाई जाए जिससे दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके और किसानों को शासन की योजना का लाभ मिल सके।

