तत्कालीन बीईओ बजाग पर गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप, कलेक्टर ने दिये जांच के आदेश

जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य लोगों ने राष्ट्रपति और कलेक्टर से की थी शिकायत

बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी। बजाग विकासखंड के तत्कालीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी तीरथ परस्ते के कारनामें हमेशा चर्चाओं में रहे है उनकी कार्यप्रणाली पर जनप्रतिनिधि भी नाराजगी व्यक्त करते रहे किंतु प्रशासनिक संरक्षण के चलते उनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आया अतत: विगत दिनों उन्हें पद से हटा दिया गया था। उन पर गंभीर वित्तीय अनियमितता और नियम विरुद्ध अतिथि शिक्षकों की भर्ती के आरोप लगे हैं। जिसकी शिकायत के बाद कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग को जांच करने के आदेश जारी किये हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते द्वारा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी को की गई शिकायत में उल्लेख किया गया है, कि प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग एवं प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांडा तीरथ परस्ते के द्वारा भारतीय स्टेट बैंक शाखा गाडासरई से 17 जनवरी 2025 को चेक क्रमांक 094943 माध्यम से 2 लाख 75 हजार 23 रूपये, चेक क्रमांक 094944 से राशि 2 लाख 75 हजार 23 रूपये कुल 5 लाख 50 हजार 47 रूपये का भुगतान किस बावद किया गया है, राशि निकासी के संबंध में पालक शिक्षक द्वारा प्रस्ताव पारित कर कोटेशन और निविदा प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। जबकि नियमानुसार 25 हजार रुपये से अधिक राशि का आहरण भुगतान में लागू भंडार क्रय नियम का पालन नहीं किया गया।

इसी प्रकार शिकायत में उल्लेख किया गया है, कि निधि सोनी प्राथमिक शिक्षक भुरसी अप्रेल 2024 में पूरे माह अनुपस्थित रहीं बावजूद इसके दो दिन का हस्ताक्षर करवाकर पूरे माह का वेतन भुगतान किया जाना, वीणा सूर्यवंशी प्राथमिक शिक्षक परसवाह बरटोला वर्ष 2023-24 में 6 से 7 महीने अनुपस्थित रहीं जिनका भी वेतन भुगतान किया गया है। इसी तरह पूनम वर्मा प्राथमिक शिक्षक कांदावानी का नियम विरुद्ध तरीके से तरच में संलग्नीकरण करने के आरोप लगाए गये हैं। आवेदन में शिकायत पर बिन्दुवार जांच करने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता सतीश बघेल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी तीरथ परस्ते पर नियम विरुद्ध अतिथि शिक्षकों की भर्ती करने का आरोप लगाया है। साथ ही मनमानी तरीके से छात्रावास अधीक्षक की भर्ती करने के भी आरोप लगाए गये हैं। शिकायत में बतलाया गया है, कि प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी तीरथ परस्ते की पत्नी सीता परस्ते प्राथमिक शिक्षक सीनियर बालक छात्रावास में कार्यरत रहते हुये छात्रावासी छात्राओं से लिपाई पुताई कराई गई थी जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था जिस पर कार्रवाई नहीं की गई थी। आरोप यह भी लगाया गया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी रहते हुए तीरथ परस्ते द्वारा अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में मनमानी की गई है। शिक्षकों के परिजनों को उसी संस्था में अतिथि शिक्षक बनाया गया है।

राष्ट्रपति सचिवालय में हुई थी
शिकायत

तत्कालीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी तीरथ परस्ते की शिकायत राजेन्द्र सिंह सिसोदिया द्वारा राष्ट्रपति सचिवालय को प्रेषित की गई थी। जिस पर संज्ञान लेते हुये राष्ट्रपति सचिवालय से अपर आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश भोपाल को पत्राचार कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। जिस मामले में अपर आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा कलेक्टर डिंडौरी को शिकायत की जांच संबंधी पत्र प्रेषित किया गया था। शिकायतकर्ता ने अतिथि शिक्षक की भर्ती में लेनदेन, जीपीएफ में अग्रिम प्राप्त करने वाले कर्मचारियों से 10 प्रतिशत राशि की वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाये थे।

अनुविभागीय अधिकारी को सौंपी जांच

अनुविभागीय अधिकारी को सौंपी जांच

प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग के विरुद्ध अध्यक्ष जिला पंचायत डिंडौरी के द्वारा गंभीर प्रकृति की शिकायत, शिकायतकर्ता सतीश बघेल के द्वारा कलेक्टर को की गई शिकायत एवं राजेन्द्र सिसोदिया द्वारा राष्ट्रपति सचिवालय में प्रेषित शिकायत पर जांच करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग को 27 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर डिंडौरी ने पत्र जारी कर जांच के आदेश दिये हैं। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग रामबाबू देवांगन ने तत्कालीन प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी परस्ते को सोमवार को सूचना पत्र जारी कर 12 नवम्बर 2025 को दोपहर 12 बजे विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संबंधित दस्तावेज सहित अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करने हेतु आदेशित किया गया है। समय सीमा में जवाब एवं कथन प्रस्तुत न करने की दशा में एक पक्षीय कार्रवाई प्रस्तावित करने का भी लेख पत्र में किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!