अंत्येष्टि सहायता राशि और अनुग्रह राशि में धांधली के आरोप
बैगांचल एक्प्रेस, डिंडौरी, जनपद पंचायत समनापुर में पदस्थ डाटा एन्ट्री कम्प्यूटर ऑपरेटर ने कूट रचित तरीके से मध्यप्रदेश भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना के तहत हितग्राही को लाभान्वित न कर अपने निजी खाते में 6 हजार अंत्येष्टि सहायता राशि और 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि हस्तांतरण कर ली गई है। मामला उजागर होने के बाद जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जांच टीम का गठन कर भौतिक सत्यापन पश्चात जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के साथ प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी तथा जिला श्रम अधिकारी डिंडौरी को प्रेषित की गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी ने आदेश जारी किये हैं। 07 नवम्बर 2025 को जारी आदेश के मुताबिक भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत अनुग्रह एवं अंत्येष्टि सहायता हेतु ग्राम पंचायत गौराकन्हारी के ग्राम ढाबा के लाभार्थी इतवारी सिंह उर्फ एतरा की पत्नि हिरौंदा बाई मृत्यु होने के पश्चात अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि का भुगतान किया जाना था लेकिन जनपद के कम्प्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार मालवी जो जनपद कार्यालय के श्रम शाखा में आपरेटर के पद पर कार्यरत थे, जिनके द्वारा स्वयं का खाता पोर्टल पर दर्ज करते हुये अत्येष्टि राशि 6 हजार एवं अनुग्रह राशि 4 लाख रूपये हस्तांतरण कर आहरित किया जाना पाया गया। जिस पर कार्रवाई करते हुये जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया है, कि संबंधित कम्प्यूटर ऑपरेटर से अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि तीन दिवस के भीतर जमा कराते हुये दोषी मुकेश मालवी के विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें और कार्रवाई से जिला पंचायत कार्यालय को अवगत करायें।
डाटा एन्ट्री कम्प्यूटर ऑपरेटर मुकेश मालवी को श्रम शाखा के अलावा सामाजिक न्याय और संबल योजना का कार्य भी सौंपा गया था। मामला उजागर होने के बाद उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण जिला डिंडौरी के द्वारा भी 6 नवम्बर 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत समनापुर को पत्र जारी किया गया जिसमें उल्लेख किया गया है, कि सामाजिक न्याय विभागीय योजना अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत कार्यरत आउटसोर्सिंग डाटा एन्ट्री ऑपरेटर मुकेश मालवी द्वारा भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत अन्य हितग्राही की अनुग्रह एवं अंत्येष्टि सहायता राशि अपने खाते में लिये जाने की सूचना संज्ञान में आई है विभाग द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं का संचालन शासन द्वारा किया जा रहा है ऐसी दशा में कार्यरत आपरेटर के चलते शीघ्र विभागीय योजनाओं के कार्य से पृथक किया जाये। साथ ही कार्यरत ऑपरेटर की समयावधि के दौरान विभागीय योजनाओं तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता, पेंशन योजना के कार्यों का परीक्षण सामाजिक सुरक्षा अधिकारी से कराया जाकर प्रतिवेदन उपलब्ध करायें। हालांकि इस गंभीर वित्तीय अनियमितता पर प्रशसन का लचर रवैया प्रतीत होता है कम्प्यूटर ऑपरेटर मुकेश मालवी के द्वारा कूटरचित तरीके से अपने खाते में राशि का हस्तांतरण करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है ऐसी दशा में प्रशासन को पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराना लाजमी था हालांकि अभी कार्रवाई की शुरुआत की गई है, आगे संभावना है कि उक्त आरोपी ऑपरेटर के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही के साथ साथ शासकीय राशि की वसूली हेतु कठोर कार्यवाही की जाएगी।

