दुल्लोंपुर पंचायत ने भाजपा जिलाध्यक्ष के कार्यक्रम में गाड़ियों का किया भुगतान

पंचायत ने तफरी पर एक ही दिन में फूंके हजारों रुपए

राजनैतिक यात्राओं का खर्च, पंचायत ने प्रशासनिक खर्च बताया

विकास कार्य की राशि नेताओं की चापलूसी में की जा रही बर्बाद

बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडोरी, बजाग जनपद अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की राशि मनमाने ढंग से खर्च किए जाने के कई मामले चर्चाओं में रहे है पर उन पर नियमानुसार कोई कार्यवाही न होने से अधिकांश ग्राम पंचायतों में वित्तीय अराजकता व्याप्त है जिस पर जनपद के अधिकारी बेबस से होकर बैठे है।

सरपंच और सचिव भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों पर प्रशासनिक कार्यवाहियों से बचने नेताओं की चापलूसी और चाकरी भर नहीं कर रहे है बल्कि शासन द्वारा विकास कार्यों के लिए आने वाली शासकीय राशि भी राजनीतिक गतिविधियों पर खर्च की जा रही है। आगे इन्हें अपने इन राजनीतिक आकाओं से संरक्षण मिल पाएगा या नहीं यह देखना होगा।

बजाग जनपदपंचायत की ग्राम पंचायत दुल्लोंपुर के द्वारा पंचायत के प्रशासनिक खर्च बताकर 15 वा वित्त की राशि से 9/4/2024 को एक ही दिन में टैक्सियों से तफरी के नाम पर 15500 रुपए का भुगतान विजय ट्रेवल्स के नाम पर किसी विजय रजक को किया। जिसमें फर्म के बिलों की फोटो कॉपी भी बिल बनाकर लगा दिए गए। बिल क्रमांक 199 राशि 6000₹, बिल क्रमांक 221 राशि 3500₹, 219 राशि 3000₹, बिल क्रमांक 220 राशि 3000 कुल 15500 का भुगतान विजय ट्रेवल्स को किया गया बिलों में दिए गए विवरण में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पलकी शाहपुर, डिंडोरी, और भाजपा जिला अध्यक्ष के कार्यक्रम में जाने के लिया वाहनों के उपयोग का विवरण दर्शाया गया है। एक बिल के विवरण में प्रशासकीय व्यय दर्शाकर भुगतान किया गया है।

ग्राम पंचायत की शासकीय राशि को यू तफरीह पर उड़ाने और किसी पार्टी संगठन के आयोजन में शामिल होने पंचायत की राशि को व्यय करना कितना सही है इसका निर्णय जिला पंचायत के सक्षम अधिकारी पर निर्भर है। किंतु इस तरह की गतिविधियों पर विकास कार्यों की राशि का दुरुपयोग करने कार्यवाही नहीं होने से पंचायतों द्वारा वित्तीय अनियमितता और मनमानी व्यय करने की प्रवृत्ति बढ़ेगी अतः सीईओ जिला पंचायत से जनपेक्षा है कि उक्त भुगतानों की जांच सक्षम अधिकारी से करवाकर दोषी ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों पर कार्यवाही की जावे। इस संबंध में पंचायत सचिव से सवाल करने पर वो इसे कोई गलती मानने तैयार ही नहीं है। जबकि स्पष्ट है कि शासकीय धन का उनके द्वारा दुरुपयोग किया गया है जो कि नियम विरुद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!