बैगांचल एक्सप्रेस, डिंडौरी, प्राथमिक शाला झुरकीटोला विकासखंड डिंडौरी में मध्यान्ह भोजन वितरण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा कार्यवाही करते हुए दीप स्व-सहायता समूह का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया।।
जनपद शिक्षा केंद्र, सर्व शिक्षा अभियान द्वारा जांच दल गठित किया गया। जांच दल ने 20 अगस्त 2025 को विद्यालय में पहुँचकर तथ्यात्मक जांच की और प्रतिवेदन में पुष्टि की कि 14 बच्चों को दिन मध्यान्ह भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया था। संस्था प्रमुख द्वारा बताया गया कि दीप स्व-सहायता समूह को बार-बार निर्देशित करने के बावजूद समूह द्वारा निरंतर लापरवाही की जा रही थी।
15 सितम्बर 2025 को दीप स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष/सचिव तथा कार्यरत रसोईया श्रीमती द्रोपती राठौर व श्रीमती ममता बनवासी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। संबंधित समूह और रसोईयों द्वारा प्रस्तुत उत्तर संतोषजनक नहीं पाए गए। अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर दीप स्व-सहायता समूह का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया।
विकासखंड स्रोत समन्वयक डिंडौरी के पत्रानुसार निशा स्व-सहायता समूह को प्राथमिक शाला झुरकीटोला में पीएम पोषण कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्य में लापरवाही बरतने पर रसोईया श्रीमती द्रोपती राठौर एवं श्रीमती ममता बनवासी का रसोईया चिन्हांकन निरस्त किया गया। इनके स्थान पर श्रीमती मनोरमा रजक एवं श्रीमती लोकमाया बर्मन को रसोईया नियुक्त किया गया है।
जिला पंचायत डिंडौरी ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में ऐसे मामलों पर और भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।

